MPSC परीक्षा धांधली की जांच के लिए नया आयोग गठित हुआ है।
तुकाराम मुंढे ने अभ्यर्थियों से सोलह नवंबर तक हलफनामे मांगे हैं।
परीक्षार्थियों को अपने दस्तावेज और शिकायतें तय समय में भेजनी होंगी।
MPSC Exam Irregularities Inquiry Tukaram Mundhe Appeal: MPSC द्वारा आयोजित विविध स्पर्धा परीक्षाओं में प्रश्नपत्रिका या उत्तरतालिका लीक होने के कथित मामलों की जांच के लिए गठित जांच आयोग ने अपनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस जांच आयोग के सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी तुकाराम मुंढे ने अभ्यर्थियों, विद्यार्थियों, आम नागरिकों और संबंधित पंजीकृत संस्थाओं से एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है।
उन्होंने आग्रह किया है कि इस प्रकरण से जुड़ी जानकारी, शिकायतें, निवेदन और प्रासंगिक साक्ष्य दस्तावेज 16 नवंबर 2026 तक हलफनामे के साथ आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं।
MPSC की विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश दिलीप भोसले की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया गया है।
इस आयोग के प्रशासनिक संचालन और प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से लागू करने के लिए तुकाराम मुंढे को सदस्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
जांच आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, MPSC की 9 प्रमुख परीक्षाओं से संबंधित कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं की गहन जांच की जाएगी।
औषध निरीक्षक परीक्षा गट-ब (2025)
महाराष्ट्र गट-ब सेवा संयुक्त पूर्व परीक्षा (2025)
महाराष्ट्र गट-ब सेवा संयुक्त मुख्य परीक्षा (2025)
महाराष्ट्र गट-क सेवा संयुक्त पूर्व परीक्षा (2025)
महाराष्ट्र गट-क सेवा संयुक्त मुख्य परीक्षा (2025)
महाराष्ट्र कृषि सेवा मुख्य परीक्षा (2024)
अन्न एवं औषध प्रशासन सेवा मुख्य परीक्षा (2023)
महाराष्ट्र स्थापत्य अभियांत्रिकी सेवा मुख्य परीक्षा (2025)
महाराष्ट्र विद्युत अभियांत्रिकी सेवा मुख्य परीक्षा (2025)
सदस्य सचिव तुकाराम मुंढे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, शिकायतकर्ताओं और गवाहों के लिए कई व्यवस्थाएं की गई है।
भाषा का विकल्प: अभ्यर्थी और संबंधित व्यक्ति अपने निवेदन मराठी या अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत कर सकते हैं।
आवश्यक दस्तावेज: निवेदन के साथ एक वैध पहचान पत्र की प्रति और साक्ष्य दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड प्रतियां प्रतिज्ञापत्र के साथ जोड़ना अनिवार्य है।
कार्यालय का पता: लिखित निवेदन और कागजात मुंबई स्थित आयोग के कार्यालय अन्न व औषध प्रशासन भवन, दालन क्रमांक 201, दूसरी मंजिल, बीकेसी, बांद्रा (पूर्व), मुंबई - 400051 में जमा कराए जा सकते हैं।
ई-मेल सुविधा: ऑनलाइन माध्यम से दस्तावेज भेजने के लिए आयोग की आधिकारिक ई-मेल आईडी complaints.inquirycomm.mpsc@maharashtra.gov.in उपलब्ध कराई गई है।
जांच आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि प्राप्त होने वाले सभी निवेदन, प्रतिज्ञापत्र और अटैच्ड दस्तावेज पूरी तरह से गोपनीय रखे जाएंगे। प्राप्त शिकायतों की जांच और छानबीन के बाद, संबंधित व्यक्ति को आयोग के समक्ष गवाह के रूप में उपस्थित होने का बुलावा देने का सर्वाधिकार जांच आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।