Mumbai Monorail Derail: मुंबई में एक बार फिर मोनोरेल से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। मुंबई के वडाला में मोनोरेल का ट्रायल लिया जा रहा था। लेकिन इसी दौरान मोनोरेल पटरी से उतर गई। ये हादसा काफी भयावह था। जिसके कारण ट्रेन के अलाइनमेंट को भारी नुकसान पहुंचा है।
मिली जानकारी के अनुसार वडाला में ट्रायल रन के दौरान एक मोनोरेल ट्रेन पटरी से उतर गई। पटरी से उतरकर मोनोरेल की पास के एक ढांचे से जोरदार टक्कर हो गई। इस जोरदार टक्कर के कारण ट्रेन को नुकसान पहुंचा और ट्रेन का अलाइनमेंट क्षतिग्रस्त हो गया है। इस बड़े हादसे के बाद एमएमआरडीए और पुलिस के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
वडाला में ट्रायल के दौरान मोनोरेल पटरी से उतर गई।
बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना ट्रैक बदलने के दौरान हुई। दरअसल, वडाला के पास एक मोनोरेल का डिब्बा पटरी से उतरकर तिरछा हो गया। मोनोरेल नियंत्रण अधिकारी रोहन सालुंखे ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि ट्रेन में कोई यात्री नहीं था।
मोनोरेल के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बीएमसी आपदा प्रबंधन रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 9 बजे वडाला-जीटीबी मोनोरेल स्टेशन के पास, वडाला पूर्व में आरटीओ जंक्शन के करीब हुआ। मुंबई फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच कर जांच में लगी है।
यह भी पढ़ें - महाराष्ट्र में चुनावी महासंग्राम! VVPAT नहीं, EVM से होंगे चुनाव! 2 दिसंबर को वोटिंग, 3 को परिणाम
मुंबई मोनोरेल यूनियन के अध्यक्ष चंद्रकांत काकड़े ने कहा, "आज की घटना के दौरान, ट्रायल रन चल रहा था और ट्रेन में केवल ट्रेन कैप्टन और मेधा कंपनी का एक कर्मचारी ही सवार था। भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विस्तृत जांच होनी चाहिए।" उन्होंने बताया कि इस हादसे में कैप्टन को गंभीर रूप से चोटिल हुए है।
आपको बताते चलें, कि यह पहली बार नहीं जब मोनोरेल के साथ कोई हादसा हुआ है। इससे पहले भी मुंबई की मोनोरेल तकनीकी खराबी का शिकार हो चुकी है। इससे पहले 19 अगस्त को मुंबई में पावर कट की वजर से बीच रास्ते में ठप पड़ गई थी। बड़ी मशक्कत के बाद मोनोरेल में फंसे सैकड़ों लोगों को बाहर निकाला गया था।