मुंबई एयरपोर्ट टी2 मस्जिद विवाद  सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई एयरपोर्ट T2 के पास मस्जिद को MMRDA ने बताया अवैध, हटाने का नोटिस जारी; MIAL को दिया आदेश

Mumbai Airport T2 Mosque: मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 के पास बनी मस्जिद को MMRDA ने अवैध घोषित कर तुरंत हटाने का नोटिस जारी किया है। किरीट सोमैया और AIMIM नेता वारिस पठान आमने-सामने हैं।

रूपम सिंह

Highlights

  • मुंबई एयरपोर्ट T2 के पास मस्जिद को हटाने का नोटिस जारी।

  • MMRDA ने MIAL को मस्जिद हटाने का निर्देश दिया।

  • किरीट सोमैया ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया।

  • मस्जिद पक्ष ने निर्माण की अनुमति होने का दावा किया, मामला हाईकोर्ट में लंबित।

Mumbai Airport T2 Mosque Controvers: मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 (T2) के पास स्थित एक मस्जिद को लेकर विवाद गहरा गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने मस्जिद को अवैध निर्माण घोषित करते हुए उसे हटाने का निर्देश दिया है।

इस संबंध में मस्जिद के प्रवेश द्वार पर नोटिस भी चस्पा किया गया है। प्राधिकरण ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

5 हजार वर्गफुट सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप

बीजेपी नेता किरीट सोमैया लंबे समय से इस मस्जिद के निर्माण का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि करीब 5 हजार वर्गफुट सरकारी जमीन पर बिना आवश्यक अनुमति के मस्जिद बनाई गई है। उन्होंने इस स्थान को संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र बताते हुए निर्माण को एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए खतरा करार दिया है।

सोमैया का दावा है कि वर्ष 2014 से पहले यहां कोई निर्माण नहीं था। इसके बाद टिन शेड का ढांचा खड़ा कर धीरे-धीरे जमीन पर कब्जा किया गया। उन्होंने मस्जिद हटाने के साथ निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

MIAL को हटाने का निर्देश, कार्रवाई नहीं हुई तो कानूनी शिकंजा

मुंबई MMRDA के अनुसार, 'अशबुल जन्नत एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट' की ओर से जमा कराए गए दस्तावेज निर्माण को वैध साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इसी आधार पर MIAL को मस्जिद हटाने का निर्देश दिया गया है। आदेश में चेतावनी दी गई है कि यदि एयरपोर्ट प्रबंधन कार्रवाई नहीं करता है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।

सोमैया ने दावा किया है कि एक सप्ताह के भीतर मस्जिद हटाई जा सकती है। हालांकि, फिलहाल मौके पर तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।

मस्जिद पक्ष ने अनुमति लेने का किया दावा

दूसरी ओर, मस्जिद प्रबंधन ने अवैध निर्माण के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि निर्माण से पहले आवश्यक अनुमति ली गई थी और तत्कालीन GVK तथा एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी जानकारी थी।

मस्जिद पक्ष ने अपने दावे के समर्थन में वर्ष 2015 के एक पत्र का हवाला दिया है, जिसमें प्रार्थना स्थल का उल्लेख होने की बात कही गई है।

AIMIM ने सोमैया के आरोपों पर जताई आपत्ति

AIMIM नेता वारिस पठान ने भी सोमैया के विरोध पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे गुंडागर्दी बताते हुए सोमैया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पठान का कहना है कि यह मामला फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है।

MMRDA के आदेश के बाद अब सभी की नजर MIAL की अगली कार्रवाई पर है। इस मामले ने कानूनी के साथ राजनीतिक बहस भी तेज कर दी है। जहां विपक्ष इसे धार्मिक आधार पर कार्रवाई बता रहा है, वहीं सरकार का पक्ष है कि अवैध निर्माण के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

4 गुना फंड और 3 एयरपोर्ट, अमित शाह ने अरुणाचल की तरक्की का बताया हिसाब, कहा- बाहर से नहीं आएगा दूध-अंडा और मास

राजस्थान से बिहार तक 6 दुर्घटनाएं, 27 की मौत; तेज रफ्तार और लापरवाही? आम जनता के साथ-साथ सरकार पर सवाल

Public Holiday: खुशखबरी! 24 नवंबर को स्कूल-कॉलेज-बैंक बंद, देखें राज्यों की लिस्ट

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टिल्लू ताजपुरिया गैंग का गुर्गा पवन उर्फ मक्खी दबोचा गया

ट्रेन में मिला 54 वर्षीय महिला का शव, सफाई के दौरान खुला वारदात का राज; CCTV से 31 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार