Mumbai Metro Line Fare Reduction Trip Pass Validity: मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (MMRC) ने मेट्रो-3 से सफर करने वाले यात्रियों को राहत देते हुए ट्रिप पास की वैधता बढ़ाने और कुछ पास के किराये में कटौती करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था से नियमित यात्रियों के साथ पर्यटकों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
नई व्यवस्था के तहत 45 और 60 फेरे वाले ट्रिप पास की वैधता अब 30 दिन से बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई है। इससे नियमित रूप से मेट्रो-3 से सफर करने वाले यात्रियों को अपने ट्रिप पास का इस्तेमाल करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
पहले इन पास की वैधता 30 दिनों की थी। वैधता बढ़ाए जाने से यात्रियों को कम अवधि में सभी ट्रिप इस्तेमाल करने की बाध्यता नहीं रहेगी।
MMRC ने एक दिन और तीन दिन के पास की कीमतों में भी कटौती की है। एक दिन के पास की कीमत ₹280 से घटाकर ₹210 कर दी गई है। वहीं, तीन दिन का पास अब ₹700 की जगह ₹600 में मिलेगा।
इस बदलाव से कम अवधि के लिए मुंबई शहर आने वाले पर्यटकों और शहर में कुछ दिनों तक मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
आरे-कफ परेड के बीच संचालित 33.5 किलोमीटर लंबी भूमिगत मेट्रो-3 मुंबई के प्रमुख हिस्सों को जोड़ती है। इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब पौने दो लाख यात्री सफर कर रहे हैं।
MMRC की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए पहले ही मासिक ट्रिप पास और डिजिटल टिकट जैसी सुविधाएं शुरू की जा चुकी हैं। अब पास की वैधता बढ़ाने और किराये में कमी के फैसले से मेट्रो-3 के नियमित इस्तेमाल को और सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
नई व्यवस्था खास तौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो रोजाना या नियमित अंतराल पर मुंबई मेट्रो-3 से सफर करते हैं।