Maharashtra Weather Today: महाराष्ट्र में मानसून के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आज राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज काफी अलग रहने वाला है। जहां कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, वहीं विदर्भ में मानसून ब्रेक का असर जारी रहेगा, जिससे वहां तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
राजधानी मुंबई में शुक्रवार, आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और हल्की बारिश होने की संभावना है। मुंबई का अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 28°C के आसपास रहने का अनुमान है। समुद्र में उठने वाली लहरों की बात करें तो दोपहर 2:58 बजे 17.22 फीट की हाई टाइड आने की उम्मीद है, इसलिए तटीय इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कोंकण के अन्य जिलों जैसे पालघर में हल्की वर्षा, जबकि ठाणे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में मध्यम बारिश का अनुमान है, जहां कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली कड़क सकती है।
पुणे और नासिक के शहरी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, पुणे, नासिक और सतारा के घाट क्षेत्रों में मानसून अधिक सक्रिय रहेगा, जहां मध्यम स्तर की बारिश होने की अधिक संभावना है।
सोलापुर और सांगली जैसे जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अहिल्यानगर और जलगांव में भी हल्की वर्षा का अनुमान है।
मराठवाड़ा क्षेत्र में मानसून की गति थोड़ी धीमी रहेगी। छत्रपति संभाजीनगर और जालना में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, लातूर, धाराशिव और नांदेड में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि यहां बिजली कड़कने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि गरज के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे शरण न लें।
विदर्भ के लिए मौसम विभाग का अपडेट थोड़ा चिंताजनक है। नागपुर सहित विदर्भ के कई हिस्सों में 17 जुलाई तक मानसून ब्रेक की स्थिति बनी रहेगी। इसके कारण नागपुर और आसपास के जिलों में दिन का तापमान 2°C से 4°C तक बढ़ सकता है, जिससे अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के बीच रहेगा।
हालांकि, विदर्भ के पूर्वी हिस्सों में मौसम का दूसरा पहलू भी दिखेगा। भंडारा, गोंदिया और गड़चिरौली जैसे जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा (Heavy Rainfall) और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके विपरीत, अकोला और अमरावती जैसे जिलों में फिलहाल कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें: 11वीं मंजिल से काल बनकर गिरी क्रेन; 12 गाड़ियां चकनाचूर, जिंदगी की जंग हार गया घायल शख्स, देंखे VIDEO
मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
राज्य के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन उमस परेशान कर सकती है।