कोलकता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में की 19 मौत, घायलों के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार, CM बोले- बख्शा नहीं जाएगा

West Bengal Durga Puja accident: कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 19 मौतों की पुष्टि की। सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और नौकरी का ऐलान किया।
Kolkata Durga Puja Stampede
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में 19 मौतों की पुष्टि हुई।

  • मुख्यमंत्री के अनुसार, 25 घायलों में 24 की हालत खतरे से बाहर है।

  • मृतकों के परिजनों को 2.5 लाख रुपये और एक सदस्य को नौकरी मिलेगी।

  • घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी और 5 लाख रुपये मुआवजा देगी।

  • CCTV फुटेज की जांच के बाद लापरवाही के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।

Kolkata Durga Puja Stampede: कोलकाता के मुक्तारामबाबू स्ट्रीट स्थित चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को हुए हादसे के बाद स्थिति का जायजा लेते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस दर्दनाक भगदड़ में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के समय 17 श्रद्धालुओं की मौत मौके पर ही हो गई थी।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल हुए 25 लोगों में से 24 की हालत खतरे से बाहर है, जबकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने इनमें से 13 परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ है।

पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान 

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी देगी। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी और उन्हें 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा भी दिया जाएगा।

Kolkata Durga Puja Stampede
Kolkata Stampede: संकरा गेट, बारिश और अंधेरा…चोरबागान हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

दोषियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि, कोलकाता पुलिस ने घटना के समय का CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज की जांच में भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरतने वाला जो भी व्यक्ति सामने आएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह पूजा समिति का सदस्य हो, वॉलंटियर, पुलिसकर्मी, अस्थायी होमगार्ड या निजी सुरक्षा एजेंसी का कर्मचारी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

राज्य में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में करीब 58,000 दुर्गा पूजाओं का आयोजन हो रहा है। ऐसे में इस घटना से सबक लेते हुए सभी पूजा आयोजकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

उन्होंने भीड़ को नियंत्रित रखने और फायर ब्रिगेड व पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने पर्याप्त रोशनी, प्रवेश और निकास के उचित इंतजाम तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

एग्जिट गेट का हिस्सा गिरने से मची अफरा-तफरी

शनिवार को उत्तर कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में निकास द्वार का एक हिस्सा गिर गया था। इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई और अन्य लोग घायल हो गए।

Kolkata Durga Puja Stampede
ग्वालियर में दुर्गाष्टमी पर बड़ा हादसा, शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 13 की मौत

हादसे के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के साथ कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती घायलों का हाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live
navbharatlive.com