कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसा: 17 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख किया मुआवजे का ऐलान

Chorbagan Durga Puja Pandal Accident: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हादसे के बाद मौतों और घायलों की खबर है। पीएम और बंगाल सरकार ने मुआवजे, इलाज और पीड़ित परिवारों को मदद देने का ऐलान किया।
Chorbagan Durga Puja Pandal Accident:
कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में PMO और बंगाल सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हादसे के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बनी।

  • खबरों के मुताबिक, हादसे में 17 लोगों की मौत और 35 लोग घायल हुए।

  • PMO ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये देने की घोषणा की।

  • बंगाल सरकार ने मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये और नौकरी का आश्वासन दिया।

  • पुलिस ने जांच शुरू कर पूजा आयोजकों और सुरक्षा कर्मियों को हिरासत में लिया।

Kolkata Durga Puja Stampede: कोलकाता में सप्तमी की शाम दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पंडाल का एक हिस्सा ढह गया, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हादसे के समय बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना के लिए वहां जुटे हुए थे। इस घटना में 17 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कोलकाता में हुए इस हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूजा आयोजकों और निजी सुरक्षा कर्मियों को हिरासत में लिया है। घटना की जांच की जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।

PMO ने किया मुआवजे का ऐलान 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कोलकाता में भगदड़ की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है।

Chorbagan Durga Puja Pandal Accident:
Kolkata Stampede: संकरा गेट, बारिश और अंधेरा…चोरबागान हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

बंगाल सरकार ने भी मुआवजे का ऐलान किया

वहीं, बंगाल सरकार ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हादसे के समय बारिश हो रही थी। उनके मुताबिक, शुरुआत में 17 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था, जिसके बाद दो और लोगों की मौत हो गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 24 की हालत खतरे से बाहर है, जबकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार राहत कार्यों में जुटी है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, उन्होंने 13 पीड़ित परिवारों से बातचीत की है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इसके अलावा, घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हादसे के बाद अगले दिन के सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

गृहमंत्री अमित शाह ने CM से की बात

दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे के बाद अपने कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। वह रविवार को अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे।

अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के कारण कई लोगों की जान जाने की दुखद खबर मिली है। उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से उनकी बातचीत हुई है।

Chorbagan Durga Puja Pandal Accident:
बारिश, भीड़ और ढहता पंडाल…चोरबागान में कैसे हुआ बड़ा हादसा? अब तक 17 लोगों की मौत

पूजा समिति और सुरक्षा एजेंसियों के सदस्य हिरासत में

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि मामले में उचित जांच की जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूजा समिति के सदस्यों और सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े लोगों को हिरासत में लिया गया है। सरकार की ओर से सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com