Maharashtra Top 10 News Updates: महाराष्ट्र की आज की बड़ी और अहम खबरों में सियासत से लेकर आम जनता से जुड़े मुद्दे छाए हुए हैं। शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने ठाणे में प्रस्तावित अमेज़ॅन डेटा सेंटर का कड़ा विरोध करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। वहीं, नागपुर में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के मद्देनजर कलेक्टर के ड्राई डे आदेश पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है।
इसके अलावा, ठाणे के मीरा-भाईंदर इलाके में जल संकट से निपटने के लिए महानगरपालिका ने 10 प्रतिशत पानी कटौती और शटडाउन का फैसला किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नासिक सिंहस्थ कुंभ का निमंत्रण और टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपियों की पुलिस कस्टडी बढ़ना जैसी खबरें भी चर्चा में हैं।
ठाणे के रिहायशी इलाके में प्रस्तावित अमेजन डेटा सेंटर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शिवसेना (यूबीटी) नेता और सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस परियोजना का कड़ा विरोध जताया है।
नागपुर विधान परिषद के लिए होने वाले स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर कलेक्टर ने संपूर्ण जिले में शराब की दुकानों को पूरी तरह से बंद रखने के लिए 16 अक्टूबर को एक आदेश जारी किया था। हाईकोर्ट ने कलेक्टर के इस फैसले पर रोक लगा दी है।
शिवसेना के दशहरा समारोह में मंत्री गुलाबराव पाटिल के एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनेंगे वाले बयान को लेकर महाराष्ट्र की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राज्य की देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे सरकार पर तीखा हमला बोला है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को आगामी 31 अक्टूबर को होने वाले धर्मध्वज समारोह के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
कला और संस्कृति के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करते हुए महाराष्ट्र के तीन प्रमुख कलाकारों ने 65वें राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ललित कला अकादमी पुरस्कार अपने नाम किया है। नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित एक भव्य और गरिमामय समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रमेश थोराट, सिद्धार्थ शिंगाडे और प्रीतम देवस्कर को इस सर्वोच्च कला सम्मान से सम्मानित किया।
भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में वैश्विक रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग के दिग्गजों का एक बड़ा महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है। भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अंतर्गत रसायन और पेट्रोकेमिकल विभाग, भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (FICCI) के सहयोग से इंडिया केम 2026 के 14वें संस्करण का आयोजन कर रहा है।
महाराष्ट्र के पुणे में RSS के एक विवादित बैनर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पुणे में केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल के नाम से एक सार्वजनिक बैनर लगाया गया था। इस बैनर में महाराष्ट्र के आराध्य दैवत छत्रपति शिवाजी महाराज की फोटो को संघ के संस्थापकों और नेताओं की तस्वीरों के ठीक बगल में और उनके समकक्ष रखा गया था।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के हाई-प्रोफाइल मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई की 37वीं मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट (एस्प्लेनेड कोर्ट) ने मामले में गिरफ्तार तीनों मुख्य आरोपियों को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य संदिग्ध श्रद्धा दुबे को बुधवार को नागपुर की एक अदालत में पेश किया गया। कई दिनों से फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दूबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और उनके ड्राइवर दानिश को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स और लखनऊ पुलिस के एक संयुक्त विशेष अभियान के तहत मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।
आगामी जल संकट से निपटने के लिए मीरा- भाईंदर महानगरपालिका ने जल भंडारण में 10 प्रतिशत कटौती का निर्णय लिया है। महानगरपालिका के शहर अभियंता दीपक ख़ांबित के अनुसार, बारवी बांध में 31 अगस्त 2027 तक उपलब्ध जल भंडारण की उचित योजना बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
कम वर्षा, अल नीनो के प्रभाव और अक्टूबर 2026 में मानसून की समय से पहले वापसी की आशंका को इसका कारण बताया गया है।