Maharashtra TET Paper Leak Bihar Haryana Accused Police Custody: महाराष्ट्र TET 2026 के पेपर लीक मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को ठाणे जिले की भिवंडी कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 6 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस फैसले के बाद अब पुलिस की जांच का केंद्र इस घोटाले के मुख्य सूत्रधार की गिरफ्तारी पर टिक गया है।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अब तक पकड़े गए आरोपी बिहार और हरियाणा राज्यों से ताल्लुक रखते हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार पेपर लीक की जड़ें महाराष्ट्र में ही गहरी जमी हुई हैं। सूत्रों का कहना है कि चूंकि पेपर महाराष्ट्र से लीक हुआ है, इसलिए इस पूरे रैकेट का मुख्य आरोपी महाराष्ट्र का ही कोई प्रभावशाली व्यक्ति हो सकता है। पुलिस को उम्मीद है कि 6 जुलाई तक की कस्टडी के दौरान इन आरोपियों से पूछताछ कर उस मुख्य आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब पुलिस ने भिवंडी शहर में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान कुछ व्यक्तियों के पास से ऐसे प्रश्न पत्र मिले जो वास्तविक परीक्षा के सवालों से काफी मिलते-जुलते थे। इस गंभीर चूक को देखते हुए प्रशासन ने रविवार 28 जून 2026 को होने वाली TET 2026 परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। इस फैसले से राज्य भर के लाखों परीक्षार्थियों को बड़ा झटका लगा है।
इन्वेस्टिगेशन टीम अब उस कड़़ी को जोड़ने में जुटी है कि आखिर राज्य के बाहर के इन आरोपियों के पास महाराष्ट्र का पेपर कैसे पहुंचा। 6 तारीख तक की अवधि पुलिस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें न केवल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करना है, बल्कि यह भी पता लगाना है कि इस लीक का जाल कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन से विभाग के लोग शामिल हो सकते हैं। यदि मुख्य आरोपी अरेस्ट हो जाता है, तो उसे भी जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अब सवाल यही है कि क्या पुलिस TET पेपर लीक मामले में जल्द से जल्द कथित महाराष्ट्र के आरोपी को पकड़ पाएगी या फिर पुलिस हिरासत का यह सिलसिला जारी रहेगा। राज्य की जनता अब यही चाहती है कि इस गिरोह का मुख्य सूत्रधार पुलिस को मिले और उसे कड़ी से कड़ी सजा हो।