नांदेड की इस शादी ने जीता PM मोदी का दिल, मन की बात में की खुलकर तारीफ

PM Praised Nanded Family: शादी में महंगे इंतजाम करने के बजाय महाराष्ट्र के एक परिवार ने ऐसा फैसला लिया, जिसकी चर्चा अब पूरे देश में हो रही है। 'मन की बात' में PM मोदी ने भी इस अनोखी पहल की सराहना की।
pm modi praises pethkar nanded family village wedding mann ki baat
पीएम मोदी ने मन की बात में की नांदेड़ के पेठकर परिवार की तारीफ. (सोर्स-IANS)
Updated on

PM Modi Praises Nanded Family In Mann Ki Baat: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बहादुरपुरा गांव के पेठकर परिवार ने अपनी शादी को समाज सेवा से जोड़ते हुए एक अनोखी मिसाल पेश की है। 20 मई को आयोजित शादी में परिवार ने भव्य आयोजन और दिखावे पर खर्च करने के बजाय पूरे गांव के हजारों लोगों के लिए मुफ्त दुर्घटना बीमा कराने का फैसला लिया। इस पहल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में विशेष रूप से सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में परिवारों के सुख-दुख पूरे समाज से जुड़े होते हैं। जब कोई परिवार अपने व्यक्तिगत उत्सव को सामाजिक कल्याण से जोड़ता है, तो वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन जाता है। उन्होंने पेठकर परिवार की इस पहल को सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

ग्रामीणों की सुरक्षा को बनाया शादी का सबसे बड़ा तोहफा

दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर और उनके परिवार ने बहादुरपुरा गांव के 3,465 ग्रामीणों के लिए एक-एक लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कराया। इस पहल के जरिए पूरे गांव को लगभग 34.65 करोड़ रुपये का सामूहिक सुरक्षा कवच मिला। यह बीमा एक वर्ष तक प्रभावी रहेगा और दुर्घटना की स्थिति में लाभार्थियों के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध होगी।

पेठकर परिवार का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी के दौरान होने वाली दुर्घटनाएं, बिजली गिरने, सांप काटने और अन्य हादसों के कारण कई परिवार आर्थिक संकट का सामना करते हैं। ऐसे समय में अधिकांश लोगों के पास बीमा सुरक्षा नहीं होती। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवार ने शादी के अवसर पर गांववासियों को आर्थिक सुरक्षा देने का निर्णय लिया।

ग्राम पंचायत की मदद से हुआ पूरा अभियान

परिवार ने ग्राम पंचायत की मदद से गांव की आधिकारिक मतदाता सूची के आधार पर सभी पात्र ग्रामीणों का बीमा कराया। इस प्रक्रिया से बिना अतिरिक्त दस्तावेजी औपचारिकताओं के बड़ी संख्या में लोगों को योजना का लाभ मिल सका।

पहले भी था परिवार चर्चा में

पेठकर परिवार सामाजिक पहल के लिए पहले भी चर्चा में रह चुका है। इससे पहले उन्होंने विवाह समारोह के दौरान बीमा और हेलमेट वितरण शिविर आयोजित किया था, जिसमें एक ही दिन में करीब 900 लोगों का बीमा कराया गया था। इतना ही नहीं, अपनी शादी के अवसर पर भी मेहमानों को सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए हेलमेट भेंट किए गए थे।

दुल्हन मंजूषा पेठकर ने भी इस अनोखी पहल का समर्थन करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य शादी को सिर्फ एक पारिवारिक समारोह तक सीमित न रखकर गांव के लिए एक यादगार और उपयोगी उपहार बनाना था। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस पहल से पूरा परिवार और दोनों नवविवाहित बेहद संतुष्ट हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस अनूठी पहल की सराहना किए जाने के बाद सिद्धेश्वर पेठकर और मंजूषा की शादी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।

बीमा योजनाओं से जुड़ने की भी की अपील

मन की बात' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने पेठकर परिवार की पहल का उल्लेख करते हुए देशवासियों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कम वार्षिक प्रीमियम वाली ये योजनाएं करोड़ों लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं और जरूरत के समय परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनती हैं।

सोशल मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ

नांदेड़ जिले के पेठकर परिवार की इस पहल की सोशल मीडिया पर भी व्यापक चर्चा हो रही है। लोग इसे समाज सेवा की अनूठी मिसाल बताते हुए अन्य लोगों से भी ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए आगे आने की अपील कर रहे हैं। यह पहल दिखाती है कि व्यक्तिगत खुशियों को समाज के हित से जोड़कर हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com