गन्ना और चीनी (सोर्स: सोशल मीडिया)
मुंबई

महाराष्ट्र में चीनी मिलों ने पकड़ी रफ्तार! 156.37 लाख टन गन्ने की पेराई पूरी, क्या सस्ती होगी चीनी?

Maharashtra Sugar Production: महाराष्ट्र में 2026-27 के चीनी सत्र में 140 मिलों ने दिवाली तक 156.37 लाख टन गन्ने की पेराई की। जानें चीनी उत्पादन, रिकवरी और कीमतों पर इसका संभावित असर।

सूर्यप्रकाश मिश्र, गोरक्ष पोफली

Highlights

  • महाराष्ट्र की चीनी मिलों ने 2026-27 के नए सत्र में शानदार रफ्तार पकड़ी है।

  • दीवाली तक राज्य की 140 मिलों द्वारा 156.37 लाख टन गन्ने की पेराई पूरी हुई।

  • इस दौरान कुल 130.57 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन और 8.33% रिकवरी दर्ज की गई।

Maharashtra Sugar Production 2026-27 Latest Update: अलनीनो के असर के चलते अत्यंत कमजोर रहे मानसून के बावजूद महाराष्ट्र में 2026-27 के चीनी उत्पादन सत्र में तेजी दिखाई पड़ रही है।

महाराष्ट्र राज्य की सहकारी और निजी चीनी मिलों में गन्ने की आवक बढ़ने के साथ पेराई और चीनी उत्पादन रफ़्तार पकड़ रहा है।

दीवाली तक 156.37 लाख टन गन्ने की पेराई

महाराष्ट्र चीनी आयुक्तालय के आंकड़ों के मुताबिक दीवाली तक राज्य की 140 चीनी मिलों ने कुल 156.37 लाख टन गन्ने की पेराई पूरी कर ली है। इससे 130.57 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ है। इस दौरान औसत चीनी रिकवरी 8.33 प्रतिशत दर्ज की गई है। शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि राज्य का चीनी उद्योग नए सत्र में मजबूत गति से आगे बढ़ रहा है।

200 मिलों को अनुमति

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के उपाध्यक्ष एवं जिला होलसेल व्यापारी वेलफेयर महासंघ के अध्यक्ष सुरेशभाई ठक्कर के अनुसार इस सत्र में पेराई के लिए महाराष्ट्र राज्य की कुल 200 मिलों को अनुमति दी गई है। इनमें 99 सहकारी और 101 निजी मिलें शामिल हैं।

फिलहाल 68 सहकारी और 72 निजी मिलों सहित कुल 140 मिलों में उत्पादन शुरू हो चुका है। शेष 60 मिलों के भी आने वाले दिनों में परिचालन शुरू करने की संभावना है। चीनी के अच्छे उत्पादन की संभावना को देखते हुए कीमतों पर कम दबाव रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।

सहकारी मिलों की रिकवरी निजी क्षेत्र से बेहतर

आंकड़ों का विश्लेषण करें तो सहकारी चीनी मिलों का प्रदर्शन फिलहाल निजी मिलों से बेहतर नजर आ रहा है। सहकारी मिलों ने 78.20 लाख टन गन्ने की पेराई कर 68.34 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। इनकी औसत रिकवरी 8.74 प्रतिशत रही। इसके मुकाबले निजी मिलों ने 74.99 लाख टन गन्ने से 59.23 लाख क्विंटल चीनी तैयार की और उनकी रिकवरी 7.90 प्रतिशत दर्ज हुई। यानी सहकारी मिलों की रिकवरी निजी मिलों से 0.84 प्रतिशत अंक अधिक रही।

पुणे में सबसे ज्यादा उत्पादन कोल्हापुर रिकवरी में आगे

क्षेत्रवार आंकड़ों में पुणे मंडल 27 मिलों के साथ सबसे आगे रहा। यहां 42.63 लाख टन गन्ने की पेराई से 38.66 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ और रिकवरी 9.07 प्रतिशत रही। सोलापुर मंडल में सबसे अधिक 30 मिलें शुरू हैं। यहां 29.41 लाख टन गन्ने से 22.65 लाख क्विंटल चीनी तैयार हुई। वहीं, कोल्हापुर मंडल ने रिकवरी के मामले में सभी क्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया।

यहां 18 मिलों ने 17.79 लाख टन गन्ने की पेराई कर 17.04 लाख क्विंटल चीनी बनाई। औसत रिकवरी 9.58 प्रतिशत रही। बारामती की श्री सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल ने 10.91 प्रतिशत रिकवरी दर्ज कर राज्य में सर्वोच्च प्रदर्शन किया।

आगे बढ़ सकती है उत्पादन की रफ्तार

चालू मिलों की कुल दैनिक पेराई क्षमता 7.50 लाख टन है। अहिल्यानगर, नांदेड़, छत्रपति संभाजीनगर और अमरावती मंडलों में भी पेराई जारी है, जबकि नागपुर मंडल में अभी किसी मिल ने काम शुरू नहीं किया है। कुल मिलाकर, मौजूदा आंकड़े महाराष्ट्र के चीनी उद्योग के लिए सकारात्मक शुरुआत दर्शाते हैं।

हालांकि, अंतिम उत्पादन का आकलन पूरे सत्र की पेराई, गन्ने की उपलब्धता और रिकवरी के रुझान के आधार पर ही किया जा सकेगा। दीवाली के दिन ही राज्य की मिलों ने 4.45 लाख टन गन्ने की पेराई कर 4.24 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया।

Assam Accident: गोलाघाट में ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर, 20 लोगों की मौत; कई घायल

मोदी की कुर्सी पर फडणवीस की नजर? पवन खेड़ा ने PM पद से जोड़ दी महाराष्ट्र CM की महत्वाकांक्षा

किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या करने वाले 3 आतंकियों पर 30 लाख का इनाम घोषित, पुलिस ने जारी किए पोस्टर

दिल्ली-मुंबई के बाद बेंगलुरु तीसरा शहर! मेट्रो ने पार किया 100 किमी का नेटवर्क, PM मोदी ने दी सौगात

जेन्सेन हुआंग कैसे बने 14.57 लाख करोड़ के मालिक, कभी बोर्डिंग स्कूल में बाथरूम साफ करने जैसे काम भी किया