Maharashtra ST Bus Fare Hike News: बढ़ती डीजल कीमतों और परिचालन खर्च के दबाव के बीच महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल ने यात्रियों को फिलहाल किराए में राहत न देने का फैसला किया है। साधारण बस सेवाओं पर लागू 10 प्रतिशत अतिरिक्त किराया वसूली की अवधि को एक माह बढ़ाते हुए 15 जुलाई तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
महामंडल का कहना है कि ईंधन लागत में लगातार वृद्धि और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से आर्थिक बोझ बढ़ा है, जिसके कारण यह कदम उठाना पड़ा। इस फैसले के चलते यात्रियों को अगले एक महीने तक बढ़े हुए किराए पर ही सफर करना होगा, जबकि साधारण और मिडी बस सेवाओं के मौजूदा किराया दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एसटी महामंडल की ओर से बताया गया है कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से 15 अप्रैल से साधारण बस सेवाओं के किराए में 10 प्रतिशत की अस्थाई बढ़ोतरी की गई थी। इस व्यवस्था की अवधि 15 जून को समाप्त होने वाली थी, लेकिन बढ़ती ईंधन लागत और अन्य खर्ची को देखते हुए इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
एसटी प्रशासन के अनुसार डीजल की कीमतों में वृद्धि के कारण महामंडल के खर्च में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ ही कर्मचारियों के महंगाई भते में हुई वृद्धि का अतिरिक्त आर्थिक भार भी महामंडल पर पड़ा है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अस्थायी किराया वृद्धि को एक माह तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है।
ये भी पढ़ें :- मीरा-भाईंदर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर सवाल, 557 योजनाओं में सिर्फ 13 का हुआ नवीनीकरण