मंत्री नरहरी झिरवल (सोर्स: सोशल मीडिया) 
मुंबई

मंत्री नरहरी झिरवल के वायरल वीडियो से सियासी तूफान, महाराष्ट्र सरकार में हड़कंप, क्या जाएगी कुर्सी?

Narhari Zirwal News: महाराष्ट्र के मंत्री नरहरी झिरवल एक वायरल वीडियो के कारण विवादों में हैं, जिसमें वे शराब की बोतल के साथ दिख रहे हैं। विपक्ष ने इसे नैतिक पतन बताकर इस्तीफे की मांग की है।

आकाश मसने

Narhari Zirwal Viral Video Controversy: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। नासिक के भोंदूबाबा अशोक खरात केस को लेकर मचे बवाल और विधानसभा बजट सत्र की गहमागहमी के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) मंत्री नरहरी झिरवल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। इस वीडियो ने न केवल सरकार की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि विपक्ष को बैठे-बिठाए एक बड़ा मुद्दा थमा दिया है।

क्या है वायरल वीडियो में?

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवल अब एक नए वीडियो के कारण मुश्किलों में आ गए हैं। बजट सत्र के बीच उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह वीडियो करीब सात महीने पुराना है। वीडियो में एक कमरे में कुछ कर्मचारी नजर आ रहे हैं। साथ ही बिस्तर पर लेटे हुए झिरवल दिखाई देते हैं और उनके पास खाद्य पदार्थ तथा शराब की बोतल भी देखी जा सकती है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उनके सरकारी निवास पर रिकॉर्ड किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो ट्रांसवूमन पवन यादव के साथ का बताया जा रहा है। वीडियो को पवन यादव के भाई रवि यादव ने सार्वजनिक किया। लेकिन, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।

पवन यादव पर पहले से हैं आरोप

पवन यादव पर पहले से ही जबरन वसूली के आरोप हैं। मुंबई के कुरार पुलिस थाने में उसके खिलाफ धमकी और वसूली का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इस प्रकरण में अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

विपक्ष ने साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इसे नैतिक पतन का ज्वलंत उदाहरण बताते हुए मुख्यमंत्री से झिरवल को तत्काल मंत्री पद से हटाने की मांग की है। सपकाल ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि से इस तरह के आचरण की अपेक्षा नहीं की जा सकती और यह सार्वजनिक जीवन की मर्यादा का उल्लंघन है। कथित वीडियो के सामने आने के बाद मंत्री के सरकारी निवास के उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। विपक्ष का आरोप है कि सरकारी सुविधाओं का दुरुपयोग किया गया है, जो एक गंभीर मामला है।

क्या बोले झिरवल?

इस मामले पर मंत्री नरहरी झिरवल ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है, और उनके दोनों मोबाइल फोन फिलहाल बंद बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनके कार्यालय ने यह साफ किया है कि उन्हें ऐसे किसी भी वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस बीच, ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि झिरवल ने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है। यह भी संदेह जताया जा रहा है कि अजित पवार की अनुपस्थिति में पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह के चलते ही यह मामला सामने आया है।

पहले भी विवादों में रहे झिरवल

यह पहली बार नहीं है जब नरहरी झिरवल या उनका विभाग विवादों में घिरा हो। पिछले महीने ही FDA विभाग का एक कर्मचारी 50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। उस वक्त भी झिरवल के इस्तीफे की मांग उठी थी। इसके अलावा, वीडियो में दिख रही पवन यादव पर पहले से ही मुंबई के कुरार पुलिस स्टेशन में वसूली और धमकी देने के मामले दर्ज हैं। अब यह वीडियो सामने आने के बाद झिरवल के मंत्री पद को लेकर अटकलें तेज हो गई है। हालांकि सरकार की तरफ से इस पर अब तक कोई बयान नहीं आया है।

एनसीपी के लिए बढ़ती मुश्किलें

इस घटनाक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लिए एक और संकट खड़ा होता नजर आ रहा है। इससे पहले भी पार्टी से जुड़े अन्य नेताओं पर विवादों के कारण कार्रवाई हो चुकी है।

आज की ताजा खबर 11 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Delhi Riots Case: अंकित शर्मा हत्याकांड केस में दिल्ली HC पहुंचे आरोपी, कड़कड़डूमा कोर्ट के फैसले को दी चुनौती

हरियाणा में अक्टूबर से शुरू होगा ‘सुधार उत्सव’, नागरिक देंगे सरकारी व्यवस्था सुधारने के सुझाव

मुंह पर पट्टी, मोबाइल टॉर्च...रांची की सड़कों पर छात्रों का अनोखा प्रदर्शन, निकाला 2 किमी लंबा मौन मार्च

धर्म और जीवनसाथी चुनना निजी हक, आगरा धर्मांतरण कांड में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला; पुलिस की कार्रवाई पर उठा सवाल