Maharashtra Green Data Center: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इंडस्ट्रियल और टेक्नोलॉजी सेक्टर को बूस्ट देने के लिए 1,14,000 करोड़ के निवेश का समझौता किया है।
उद्योग विभाग और 'एएम इंटेलिजेंस लैब्स प्राइवेट लिमिटेड' के साथ किए गए इस करार में लगभग 8,000 युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। मुख्यमंत्री फडणवीस के कमिटी रूम में गुरुवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
इस मौके पर उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डॉ पी अंबलगन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस समझौते के तहत एमएमआर क्षेत्र में एक 'इंटीग्रेटेड ग्रीन डेटा सेंटर पार्क' और एक 'एआई कंप्यूटर हब' बनाया जाएगा।
इसके लिए कंपनी 1,14,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह परियोजना पूरी तरह से रिन्यूएबल एनर्जी पर आधारित होगी। इससे पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। 8 हजार स्किल्ड और सेमी-स्किल्ड युवाओं को हाई-टेक सेक्टर में नौकरी के मौके मिलेंगे। इसमें सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट और ऑपरेशन टीम शामिल होंगी। परियोजना बनने के समय लगभग 2 हजार अतिरिक्त नौकरी के मौके मिलेंगे इस परियोजना की क्षमता 500 एमडब्ल्यू है और इसमें 2,50,000 हाई-कैपेसिटी वाले 'एआई चिपसेट इस्तेमाल किए जाएंगे।
इस परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। 200 एमडब्ल्यू क्षमता वाला पहला चरण साल 2028 तक और 300 एमडब्ल्यू क्षमता वाला दूसरा चरण साल 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह परियोजना राज्य की सूचना तकनीक नीति 2023 और ग्रीन इंटीग्रेटेड डेटा सेंटर पार्क नीति 2024 के तहत विकसित की जाएगी।