तुकाराम मुंढे (सोर्सः सोशल मीडिया)
मुंबई

मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा! होटल से लेकर दवा दुकान, ब्लड बैंक से खाने के तेल तक, किसी को नहीं बख्शा

Contaminated Food Seized: महाराष्ट्र में खाद्य मिलावट और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ FDA ने बड़ी कार्रवाई की है। इस साल सितंबर तक 994 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।

आंचल लोखंडे

Highlights:

  • महाराष्ट्र FDA ने इस साल सितंबर तक नौ महीनों में 994 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए। नवंबर तक यह आंकड़ा 1,000 के पार पहुंच गया।

  • जनवरी से सितंबर के बीच विभाग ने 21,667 जगहों की जांच की। इस दौरान सुधार नोटिस और लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई की गई।

  • नवरात्र और दिवाली के दौरान 68 लाइसेंस निलंबित किए गए और 12.74 करोड़ रुपए का दूषित व अमानक खाद्य सामान जब्त हुआ।

Food Safety Inspection Maharashtra: महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने इस साल मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़े पैमाने पर शिकंजा कसा है। आयुक्त तुकाराम मुंढे के कार्यभार संभालने के बाद से विभाग की कार्रवाई की रफ्तार में कई गुना तेजी आई है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार वर्षों में केवल 362 खाद्य प्रतिष्ठानों के ही लाइसेंस निलंबित किए गए थे, जबकि इस साल केवल सितंबर तक के नौ महीनों में ही यह आंकड़ा बढ़कर 994 तक पहुंच गया है।

नवंबर महीने की कार्रवाई को शामिल करने पर यह संख्या एक हजार को भी पार कर चुकी है, जो पिछले चार वर्षों के मुकाबले करीब तीन गुना अधिक है। इस साल जनवरी से सितंबर के बीच कुल 21,667 जगहों की जांच की गई, जिनमें अगस्त तक 12,083 जांच, 5,269 सुधार नोटिस और 603 निलंबन की कार्रवाई शामिल रही। हालांकि इन नौ महीनों में जनवरी से मई का वक्त भी शामिल है, जब मुंढे कुर्सी पर नहीं थे।

...जब अदालत ने लगाया जुर्माना

हालांकि, इतनी बड़ी कार्रवाई के तौर-तरीको और पारदर्शिता पर कुछ सवाल भी खड़े हुए है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने पुणे की एक मिठाई की दुकान का लाइसेंस निलंबन रद्द करते हुए प्रशासन को 5 लाख रुपए मुआवजा देने का निर्देश दिया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ताबड़तोड़ छापों और प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कानूनी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करना भी उतना ही जरूरी है।

13 करोड़ का दूषित खाद्य सामग्री जब्त

इसके अलावा, अप्रैल से जून के बीच 38 ब्लड बैंकों पर कार्रवाई करते हुए 34 के लाइसेंस निलंबित और 4 के रद्द किए गए। खाने के तेल के 1,089 मामलों की जांच में 80 कारोबारियों के लाइसेंस रद्द हुए और लगभग 5 करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया। बढ़ती ऑनलाइन डिलीवरी संस्कृति पर नजर रखते हुए ब्लिंकिट, जेप्टो और इंस्टामार्ट से जुड़े 14 डार्क स्टोर और केंद्रों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए।

दूषित व अमानक खाद्य सामान जब्त

त्योहारों के सीजन में एफडीए की सक्रियता और बढ़ गई। नवरात्र और दिवाली के दौरान अकेले 68 लाइसेंस निलंबित किए गए और 12.74 करोड़ रुपए का दूषित व अमानक खाद्य सामान जब्त किया गया। प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के मामलों में भी सख्त कदम उठाते हुए 22 मामलों में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए एफडीए का कड़ा रुख समय की मांग है। हर कार्रवाई में कानूनी पारदर्शिता का ध्यान रखा जाता है।

दिल्ली में AQI डेटा में हेरफेर, हेल्थ इमरजेंसी का बढ़ा खतरा, सौरभ भारद्वाज बोले- आंकड़े कम दिखा रही सरकार

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

हाथ में ही फट गया पटाखा... दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, दीवाली की खुशियों के बीच अचानक बदले हालात

IMD Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी, दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिवाली की रात देशभर में आग का कहर, दिल्ली से मुंबई तक फैक्ट्री, दुकान और इमारतें आग की चपेट में