Highlights:
मुंबई के कुर्ला में कपल की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
कपल पर कमेंट करने का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ था।
आरोप है कि एक नाबालिग ने अपने दोस्तों को मौके पर बुलाया और कपल से मारपीट की।
Kurla Couple Assault Case: मुंबई के कुर्ला में एक कपल की पिटाई के मामले में पुलिस ने छह नाबालिगों के खिलाफ कार्रवाई की है। शुक्रवार को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस के मुताबिक, कपल पर कमेंट करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि एक नाबालिग लड़के ने कपल पर कमेंट किया था। जब कपल ने इसका विरोध किया तो उसने अपने दोस्तों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद कपल के साथ मारपीट की गई।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। इस प्रकरण में छह नाबालिगों को कानून के साथ संघर्षरत बालक के रूप में जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश किया गया। बोर्ड ने सुनवाई के बाद सभी छह नाबालिगों को 4 दिसंबर तक बाल सुधार गृह भेजने का आदेश दिया है।
डीसीपी गणेश शिंदे ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने छह बच्चों को 4 दिसंबर तक बाल सुधार गृह भेजा है। मामले की जांच अभी जारी है।
इस प्रकरण की जांच घाटकोपर पुलिस कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ और मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल छहों नाबालिग बाल सुधार गृह में हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।