Kirit Somaiya Requested BMC to check Madarsa Legality: मुंबई के कुर्ला इलाके में स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में हुई मारपीट की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मामले में भाजपा नेता किरीट सोमैया ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को पत्र लिखकर घटनास्थल के पास स्थित मदरसे और आसपास हुए कथित अनधिकृत निर्माणों की जांच की मांग की है। साथ ही किरीट सोमैया ने पीड़ितों से मुलाकात भी की
कुर्ला इलाके में स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में हुई मारपीट की घटना के बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया ने पीड़ित नेहा के रबाले स्थित आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान वहां दूसरे पीड़ित सौरभ और नेहा के भाई भी मौजूद थे।
सोमैया ने इस कठिन परिस्थिति में उनके साहस की सराहना की और उन्हें आश्वस्त किया कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए उन्होंने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया।
इस पूरे प्रकरण में किरीट सोमैया ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के एल वार्ड (कुर्ला) के सहायक आयुक्त अनिल जाधव को एक आधिकारिक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने 20 नवंबर 2026 को प्रमोद महाजन गार्डन में हुई मारपीट की घटना (FIR संख्या 1360) का संदर्भ देते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने अपने पत्र में सवाल उठाया है कि गार्डन के पिछले हिस्से की बाउंड्री वॉल को तोड़कर एक अनधिकृत रास्ता और गेट कैसे बनाया गया? आरोप है कि मारपीट करने वाले युवक इसी टूटे हुए रास्ते से गार्डन के भीतर दाखिल हुए थे।
इसके साथ ही, किरीट सोमैया ने गार्डन के ठीक बगल में स्थित एक मदरसे की वैधता पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बीएमसी प्रशासन से मांग की है कि इस बात की जांच की जाए कि क्या यह मदरसा और दीवार तोड़कर बनाया गया रास्ता पूरी तरह से वैध है या यह अवैध अतिक्रमण का हिस्सा है।
बता दें कि 20 नवंबर को कुर्ला के फीनिक्स मॉल के समीप स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में सौरभ और नेहा के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने छह नाबालिगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
शुक्रवार को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस के मुताबिक, कपल पर कमेंट करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती प्रमोद महाजन उद्यान में घूमने गए थे। दोनों वहां तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद नाबालिगों के समूह ने कथित तौर पर उन पर अश्लील टिप्पणियां शुरू कर दीं। कपल ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि लड़कों ने दोनों को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया वायरल हुआ था।