मुंबई में आयोजित मर्सिडीज-बेंज क्लासिक कार रैली में पंडित नेहरू की कार आकर्षण रही।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बांद्रा स्थित ताज लैंड्स एंड से रैली को रवाना किया।
मर्सिडीज-बेंज के 140 साल के ऐतिहासिक सफर के उपलक्ष्य में यह रैली आयोजित की गई।
Mercedes-Benz Classic Car Rally Pratap Sarnaik: देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जिस ऐतिहासिक मर्सिडीज-बेंज कार में सफर किया करते थे, वह रविवार को मुंबई में आयोजित क्लासिक कार रैली का प्रमुख आकर्षण बनी। इस दुर्लभ और ऐतिहासिक कार को देखने के लिए कार प्रेमियों में खासा उत्साह नजर आया।
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक भी इस कार को देखकर खुद को उसके साथ तस्वीर खिंचवाने से नहीं रोक सके। उन्होंने ‘मर्सिडीज-बेंज क्लासिक कार रैली 2026’ को हरी झंडी दिखाई और ऐतिहासिक कार के साथ फोटो सेशन कर पुरानी यादों को ताजा किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2014 से आयोजित हो रही यह क्लासिक कार रैली इस वर्ष मर्सिडीज-बेंज के 140 साल के ऑटोमोबाइल इतिहास के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित की गई। इसका उद्देश्य दुर्लभ और पुरानी कारों की विरासत को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी को ऑटोमोबाइल उद्योग के ऐतिहासिक विकास से परिचित कराना है।
मर्सिडीज-बेंज इंडिया और ऑटोकार इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘मर्सिडीज-बेंज क्लासिक कार रैली 2026’ का शुभारंभ रविवार को बांद्रा स्थित ताज लैंड्स एंड में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि
सुरक्षित और आरामदायक सफर मर्सिडीज की पहचान रहा है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि मर्सिडीज-बेंज केवल एक लग्जरी कार नहीं, बल्कि सुरक्षा, आराम और गुणवत्ता के साथ यात्रा करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह का सुरक्षित और सुखद सफर देश के आम नागरिकों का भी सपना है। आधुनिक तकनीक के दौर में पुराने वाहनों की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। इस अवसर पर देशभर से लाई गईं दुर्लभ, आकर्षक और ऐतिहासिक मर्सिडीज-बेंज कारों का प्रदर्शन किया गया। रैली में ऑटोमोबाइल इतिहास और इंजीनियरिंग की विरासत की शानदार झलक देखने को मिली।
रैली में पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा यात्रा के लिए इस्तेमाल की गई ऐतिहासिक मर्सिडीज-बेंज कार ने सबसे अधिक ध्यान आकर्षित किया। इस कार की ऐतिहासिक पहचान और विरासत को देखते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने इसे करीब से देखा। मंत्री सरनाईक ने भी इस कार का विशेष रूप से निरीक्षण किया और इसके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने रैली में प्रदर्शित अन्य क्लासिक कारों का भी बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कारों की निर्माण तकनीक, डिजाइन, इंजीनियरिंग, खास खूबियों और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में आयोजकों से जानकारी ली। पुरानी कारों की कलात्मकता और उस दौर की तकनीकी दक्षता में भी उन्होंने विशेष रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में मर्सिडीज-बेंज इंडिया और ऑटोकार इंडिया के प्रतिनिधियों के अलावा ऑटोमोबाइल जगत की हस्तियां, क्लासिक कार प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।