

गढ़चिरौली में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए बी. प्रभाकरन सम्मानित हुए।
लॉयड्स मेटल्स ने 17,500 लोगों को रोजगार दिया और 25,000 करोड़ निवेश करेगा।
कंपनी की स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल पहलों से लाखों आदिवासी व युवा लाभान्वित हुए।
Global Peace Honours 2026: राज्य के नक्सल प्रभावित आदिवासी जिले गढ़चिरौली में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और सामुदायिक विकास के जरिए क्षेत्र की तस्वीर बदलने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड के एमडी बी. प्रभाकरन को प्रतिष्ठित ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026’ से सम्मानित किया गया है।
दिव्यज फाउंडेशन की ओर से मुंबई के ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार के साथ अभिनेता शाहरुख खान, रणवीर सिंह और अक्षय कुमार सहित मनोरंजन, खेल और उद्योग जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं।
प्रभाकरन ने यह पुरस्कार गढ़चिरौली जिले की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि इस उपलब्धि का वास्तविक श्रेय क्षेत्र के लोगों के विश्वास, सहयोग और सहभागिता को जाता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद बी. प्रभाकरन ने कहा कि गढ़चिरौली में उनका लक्ष्य ऐसा औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जो सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों की आकांक्षाओं के अनुरूप हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक प्रगति का लाभ केवल कारखानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और आजीविका के अवसर भी मिलने चाहिए।
बी. प्रभाकरन के नेतृत्व में लॉयड्स मेटल्स ने अब तक 17,500 से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। इनमें लगभग 14,500 पुरुष और 3,000 महिलाएं शामिल हैं। कंपनी गढ़चिरौली में एकीकृत स्टील प्लांट स्थापित करने के लिए 25,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना पर भी काम कर रही है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।
बोडली स्थित लॉयड्स मिशन फॉर ग्लोबल स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप (LMGSE) अकादमी में युवाओं को 30 से अधिक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां 1,000 से अधिक प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का रिकॉर्ड दर्ज है। इनमें 400 महिला प्रशिक्षु शामिल हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में कंपनी की पहलों से 2.76 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। 25 से अधिक मोबाइल स्वास्थ्य शिविरों के अलावा 497 से अधिक प्रसव में सहयोग दिया गया है। लॉयड्स काली अम्मल मेमोरियल हॉस्पिटल में मुफ्त ओपीडी, सर्जरी और मातृत्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
शिक्षा क्षेत्र में कंपनी की विभिन्न पहलों से 2,500 विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं, जिनमें 2,100 से अधिक को आवासीय सुविधाएं मिल रही हैं। इसके अलावा, 30 से अधिक आदिवासी विद्यार्थियों को ऑस्ट्रेलिया के कर्टिन विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के लिए पूरी तरह प्रायोजित सहयोग दिया गया है।
कंपनी ने 350 से अधिक किसानों को सहायता प्रदान की है, जिससे संबंधित लाभार्थी परिवारों की आय में 110 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, आत्मसमर्पण कर चुके 96 से अधिक नक्सलियों और उनके परिवारों को रोजगार के अवसर देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
वन्या गारमेंट सेंटर के जरिए महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण और आजीविका के अवसर मिल रहे हैं। लॉयड्स इनफिनिट फाउंडेशन के माध्यम से संचालित ये पहलें औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक बदलाव को भी गति दे रही हैं।