Professor Suryanarayana Doolla Sent On Leave: आईआईटी बॉम्बे के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को छुट्टी पर भेज दिया गया है। इससे पहले, छात्र की मौत के बाद परिसर में हुए विरोध-प्रदर्शनों के बीच आईआईटी बॉम्बे ने सोमवार को प्रोफेसर डूला को प्रशासनिक मामलों के डीन पद से हटा दिया था। अब निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें छुट्टी पर भेज दिया गया है।
फिलहाल संस्थान का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं। साहिल वाकोडे की मौत की जांच मुंबई अपराध शाखा कर रही है।
बता दें कि ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे को 18 सितंबर की शाम पवई परिसर स्थित छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था। यह घटना कथित तौर पर उस समय हुई जब मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान साहिल को चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटे बीते थे।
मुंबइ्र पुलिस ने प्रोफेसर डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जातिगत भेदभाव के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है।
साहिल वाकोडे की मां ने दावा किया कि उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि उसके साथ जाति के आधार पर प्रताड़ना, दुर्व्यवहार और अपमान किया गया था। परिवार ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साहिल के माता-पिता ने आईआईटी बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे और प्रोफेसर डूला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी की है।
छात्र की मौत के बाद परिसर में विरोध-प्रदर्शन हुए थे। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आईआईटी बॉम्बे ने छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या से संबंधित परिस्थितियों की जांच के लिए बुधवार को 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की। अधिकारी ने बताया कि यह समिति आईआईटी, मुंबई के बोर्ड द्वारा गठित की गई है, जो मामले में आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से भी पूछताछ कर सकती है।