

CM Devendra Fadnavis Inspected Drought Affected Areas: महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश की कमी और सूखे जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। इस गंभीर संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को लातूर और धाराशिव जिले के सूखा प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने खेतों में पहुंचकर फसलों के नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित किसानों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं व दर्द को समझा।
मुख्यमंत्री फडणवीस सबसे पहले लातूर जिले की औसा तहसील अंतर्गत खरोसा गांव पहुंचे। यहां भी उन्होंने सूखे से प्रभावित खेतों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। स्थानीय किसानों ने मुख्यमंत्री को फसलों के सूखे से हुए भारी नुकसान और पीने के पानी की किल्लत के बारे में जानकारी दी।
खरोसा में निरीक्षण के समय मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले, सांसद ओमप्रकाशराजे निंबालकर, विधायक संभाजी पाटिल निलंगेकर, विधायक अभिमन्यु पवार, विधायक संजय बनसोडे और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
लातूर के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस धाराशिव जिले के करजखेड़ा और अलंब तहसील के मलकापुर पहुंचे। वहां उन्होंने खेतों में जाकर सूखे के कारण नष्ट हुई फसलों की स्थिति देखी। किसानों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है और किसी को भी बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा।
इस निरीक्षण दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के साथ मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले, मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद ओमप्रकाशराजे निंबालकर, विधायक अभिमन्यु पवार, विधायक राणाजगजितसिंह पाटिल सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने सूखे की स्थिति को बहुत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की कि सरकार जल्द ही सूखे के संबंध में पहली अधिसूचना जारी करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री फडणवीस आज सुबह लातूर और धाराशिव जिलों में फसल और पानी की स्थिति का जायजा लेने के लिए लातूर हवाई अड्डे पहुंचे। सीएम ने कहा कि सूखे से राहत के लिए जरूरी कदमों के संबंध में सरकारी स्तर पर उचित उपाय किए जा रहे हैं और सूखे से संबंधित रिपोर्ट पहले ही मिल चुकी हैं।
मौजूदा स्थिति बेहद गंभीर है। सरकार किसानों को जरूरी सहायता प्रदान कर रही है और 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर शेतकरी कर्जमुक्ति योजना' का लाभ भी दे रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस उद्देश्य के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि सूखे के दौरान पानी और पशु चारे जैसी आवश्यक चीजों के संबंध में सावधानीपूर्वक योजना बनाई गई है।