IIT Bombay Mid Semester Exam Rescheduled: आईआईटी बॉम्बे प्रशासन ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। संस्थान ने घोषणा की है कि जो मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं पहले 26 और 27 सितंबर को आयोजित की जानी थीं, उन्हें टाल दिया गया है। अब ये परीक्षाएं 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। संस्थान की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नई तारीखों पर होने वाली परीक्षाओं के लिए शेड्यूल और टाइम-टेबल में कोई बदलाव नहीं होगा, यह पहले की तरह ही रहेगा।
आईआईटी बॉम्बे द्वारा गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह फैसला बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की दुखद मृत्यु के बाद उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। साहिल की मौत के बाद कैंपस में शोक की लहर दौड़ गई थी और छात्रों में भारी असंतोष देखने को मिला था।
बुधवार को संस्थान ने बताया कि आईआईटी-पवई कैंपस में क्लासें फिर से शुरू हो गई हैं। साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के बाद विरोध-प्रदर्शन हुए थे, जिसके कुछ दिनों बाद यह कदम उठाया गया।
इस बीच मामला राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ता नजर आ रहा है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को जानकारी दी कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मृतक छात्र साहिल के परिवार से फोन पर बात की है।
राहुल गांधी ने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और न्याय पाने की इस लड़ाई में पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, राहुल गांधी ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद की जाएगी।
बता दें कि आईआईटी बॉम्बे में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे 18 सितंबर की शाम को पवई कैंपस में अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे। यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद हुई थी।
साहिल वाकोडे की मौत के बाद छात्र के परिवार ने आईआईटी बॉम्बे प्रशासन और कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
मुंबई पुलिस ने बुधवार को कहा कि साहिल वाकोडे की मौत की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की कि वे इस मामले के बारे में गलत जानकारी न फैलाएं।
गौरतलब है कि साहिल वाकोडे की मौत के मामले में नाम आने के बाद आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को छुट्टी पर भेज दिया गया है। साहिल के माता-पिता ने डूला की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। छात्र की मौत के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने और जाति-आधारित भेदभाव जैसे आरोपों में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।