राहत कार्य जारी (सोर्स: सोशल मीडिया)
मुंबई

घाटकोपर हादसे में संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में अड़चन, मृतकों के परिजनों को 4 लाख मुआवजे का ऐलान

Ghatkopar Landslide: मुंबई के घाटकोपर में भारी बारिश के बाद भीषण भूस्खलन में 7 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को ₹4 लाख मुआवजे का ऐलान किया है।

गोरक्ष पोफली

Ghatkopar Landslide Mumbai Rains 7 Dead: मुंबई के घाटकोपर में लगातार भारी बारिश के बाद बुधवार को एक रिहायशी इलाके में जबरदस्त भूस्खलन हुआ, जिसमें तीन बच्चों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

यह हादसा चिराग नगर के अशोक नगर इलाके में गौसिया चाल में सुबह करीब 3:48 बजे हुआ। यह हादसा उस समय हुआ, जब लोग अपने घरों में आराम से सो रहे थे। तभी पास की पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया, जिससे कीचड़, बड़े पत्थर और मलबा दो-तीन कतार वाले घरों पर गिर गया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जताया दुख

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट में कहा कि घाटकोपर के साकीनाका गौसिया चाल इलाके में भूस्खलन से हुए हादसे की खबर बेहद दुखद है। पता चला है कि इस हादसे में कुछ लोगों की जान चली गई है, और हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।

रात भर लगातार भारी बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया, जिससे घरों पर भूस्खलन हुआ और कुछ लोग मलबे के नीचे दब गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उन्हें जरूरी इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

राजावाड़ी अस्पताल में 7 को मृत घोषित किया गया

नगर निगम अधिकारियों ने पुष्टि की कि सात पीड़ितों को घाटकोपर के नगर निगम द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।

मरने वालों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), अबान आरिफ शेख (2), मनत आरिफ शेख (4), मर्जिना आरिफ शेख (27), विकेत रमेश यादव (27) और एक अज्ञात वयस्क के तौर पर हुई है।

घायलों की स्थिति स्थिर

चार घायल लोगों सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) को बचाकर कुर्ला के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ अधिकारियों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

मुंबई फायर ब्रिगेड, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) के वार्ड स्टाफ की टीमों ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया।

चिराग नगर की बनावट की वजह से बचाव कर्मियों को काम करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

भारी मशीनरी के पहुंचने में अड़चन

गौसिया चाल तक जाने वाले रास्ते बहुत संकरे हैं, जहां से एक बार में सिर्फ एक ही व्यक्ति गुजर सकता है। इस वजह से भारी मशीनरी मलबे वाली जगह तक नहीं पहुंच पाई।

बचाव कर्मियों को कंक्रीट के स्लैब और मलबे को हटाने के लिए हाथों से इस्तेमाल होने वाले औजारों और उपकरणों पर निर्भर रहना पड़ा।

मुंबई की मेयर रितु तावडे ने राहत कार्यों का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों से बातचीत करने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।

मुआवजे का ऐलान

मेयर रितु तावड़े ने तत्काल वित्तीय सहायता पैकेज की घोषणा की, जिसमें प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4,00,000 रुपए की अनुग्रह राशि और प्रत्येक घायल व्यक्ति के चिकित्सा उपचार के लिए 50,000 रुपए की वित्तीय सहायता शामिल है।

मुंबई महानगर क्षेत्र में भारी बारिश जारी रहने के कारण नगर निगम ने आसपास के पहाड़ी इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की साजिश... CJP प्रदर्शन पर बोलीं इन्फ्लुएंसर रिया खानोलकर

दिल्ली-NCR में फिर कांपी धरती! भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में मचा हड़कंप

INDIA Alliance Protest: राहुल-प्रियंका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, कांग्रेस बोली सब याद रखा जाएगा

दो घंटे की हिरासत के बाद छूटे राहुल और प्रियंका गांधी, आकाशवाणी परिसर से हुई थी गिरफ्तारी

पंजाब CM ऑफिस पर CBI की छापेमारी, भगवंत मान बोले- BJP ने शुरू कर दी चुनावी खेल