

Mayor Ritu Tawde visits Kurla Landslide Spot: मुंबई के कुर्ला इलाके में आज सुबह कुर्ला (पश्चिम) स्थित अशोक नगर के हिल नंबर 3 इलाके में अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसक गया। इस भूस्खलन के चलते पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे बने 2 से 3 घरों पर आ गिरा। हादसे के वक्त लोग अपने घरों में मौजूद थे, जिससे कई लोग मलबे के नीचे दब गए और भारी जान-माल का नुकसान हुआ है। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। मेयर ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया और ग्राउंड जीरो पर तैनात टीमों को दिशा-निर्देश दिए।
हादसे से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करते हुए मेयर तावड़े ने गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने स्थानीय लोगों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में पूरी बीएमसी और राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। मेयर ने वहां मौजूद सभी प्रशासनिक एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे बिना किसी लापरवाही के आपस में बेहतर समन्वय बनाकर युद्ध स्तर पर राहत कार्य चलाएं।
इस दौरान मेयर के साथ वार्ड समिति के अध्यक्ष विजेंद्र शिंदे, अतिरिक्त नगर आयुक्त (पूर्वी उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकने, 'एल' वार्ड के सहायक आयुक्त (प्रभारी) अनिल जाधव और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
कुर्ला में हुए भुस्खलन के पीड़ितों को त्वरित राहत पहुंचाते हुए बीएमसी मेयर ऋतु तावड़े ने मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को तत्काल 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज के लिए प्रशासन की तरफ से 50,000 रुपए की चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जाएगी।
बीएमसी मेयर रितु तावड़े ने बताया कि दुर्घटना स्थल का भौगोलिक इलाका बेहद चुनौतीपूर्ण है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां तक जाने वाला रास्ता बेहद संकरा और तंग है, जहां से एक बार में केवल एक ही व्यक्ति पैदल गुजर सकता है। इस वजह से राहत और बचाव कार्य में भारी मशीनों को ले जाना नामुमकिन साबित हो रहा है।
मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC), मुंबई फायर ब्रिगेड, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), मुंबई पुलिस और '108' एम्बुलेंस सेवा और दूसरी एजेंसियां बचाव कार्य में कोशिश कर रही हैं।। मलबे को हाथों और छोटे उपकरणों की मदद से हटाने का काम जारी है।
शुरुआती आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राहत कर्मियों ने अब तक मलबे से दो शव बाहर निकाल लिए हैं, जबकि दो गंभीर रूप से घायल लोगों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते खोज अभियान तेज कर दिया गया है। पूरा प्रशासनिक अमला स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है।