शरद पवार और गौतम अडानी (सोर्स: IANS/ फाइल फोटो)
मुंबई

परिसीमन बिल को समर्थन का ऐलान, अगले ही दिन शरद पवार से मिलने पहुंचे गौतम अडानी; 2023 की मुलाकात भी चर्चा में

Gautam Adani Meets Sharad Pawar: परिसीमन विधेयक पर एनसीपी (एसपी) के समर्थन के ऐलान के अगले दिन गौतम अडानी शरद पवार से मिलने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। 2023 की मुलाकात का भी जानिए पूरा संदर्भ।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • गौतम अडानी शनिवार सुबह शरद पवार से मिलने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे।

  • नवंबर में अडानी की पवार से यह दूसरी अस्पताल मुलाकात बताई जा रही है।

  • एक दिन पहले एनसीपी (एसपी) ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का ऐलान किया था।

  • INDIA ब्लॉक की बैठक में पार्टी की अनुपस्थिति भी चर्चा में रही।

  • 2023 में JPC जांच की मांग पर शरद पवार के अलग रुख के बाद भी अडानी उनसे मिले थे।

Gautam Adani Sharad Pawar Hospital Meeting: महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार से जुड़ा एक नया घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया है। शुक्रवार को उनकी पार्टी एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का ऐलान किया और शनिवार सुबह उद्योगपति गौतम अडानी उनसे मिलने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंच गए। खास बात यह है कि नवंबर महीने में अडानी की शरद पवार से अस्पताल में यह दूसरी मुलाकात बताई जा रही है। इन दोनों घटनाओं के एक के बाद एक सामने आने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

85 वर्षीय शरद पवार को 26 नवंबर को डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह अडानी अस्पताल पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इससे पहले 6 नवंबर को भी अडानी ने ब्रीच कैंडी अस्पताल जाकर पवार का हालचाल जाना था। उस समय पवार छाती और सांस से जुड़ी परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती थे। हालांकि, दोनों मुलाकातों के दौरान क्या बातचीत हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

परिसीमन पर समर्थन के बाद अडानी की मुलाकात

अडानी की ताजा मुलाकात से एक दिन पहले यानी 27 नवंबर को NCP (SP) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने कहा था कि पार्टी केंद्र के परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। आव्हाड ने शरद पवार से अस्पताल में मुलाकात के बाद यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया है और पार्टी इसका समर्थन करेगी।

INDIA ब्लॉक की बैठक से दूरी ने बढ़ाई चर्चा

28 नवंबर को दिल्ली में परिसीमन विधेयक पर विपक्षी दलों की रणनीति तय करने के लिए INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में NCP (SP) की अनुपस्थिति भी चर्चा में रही। सुप्रिया सुले ने पिता की तबीयत का हवाला देते हुए बैठक में शामिल नहीं होने की बात कही थी। वहीं, पार्टी के परिसीमन पर समर्थन के ऐलान ने विपक्षी एकजुटता के सामने सवाल खड़े कर दिए हैं।

2023 में भी अडानी-पवार की मुलाकात ने मचाई थी हलचल

गौतम अडानी और शरद पवार की मुलाकात का राजनीतिक संदर्भ इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अप्रैल 2023 में भी दोनों की मुलाकात ने राष्ट्रीय राजनीति में बहस छेड़ दी थी। उस समय हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद विपक्षी दल अडानी समूह के खिलाफ संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग कर रहे थे।

लेकिन शरद पवार ने इस मांग से अलग रुख अपनाया था। उन्होंने कहा था कि जेपीसी के बजाय सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित समिति से जांच कराना अधिक प्रभावी हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा था कि अडानी समूह को निशाना बनाया जा रहा है। उनके इस बयान से कांग्रेस और विपक्षी दलों के बीच मतभेद सामने आए थे।

इसके कुछ दिनों बाद 20 अप्रैल 2023 को गौतम अडानी मुंबई स्थित शरद पवार के आवास सिल्वर ओक पहुंचे थे। दोनों के बीच करीब दो घंटे तक मुलाकात हुई थी। उस समय भी इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं हुई थीं, हालांकि बैठक में क्या बातचीत हुई, इसका खुलासा नहीं किया गया था।

पीएम मोदी के फोन से लेकर अडानी की मुलाकात तक चर्चा

नवंबर में शरद पवार की अस्पताल में हुई मुलाकातें लगातार सुर्खियों में रही हैं। पहले प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने पहुंचे, फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना और अब गौतम अडानी की मुलाकात सामने आई है। इसी बीच NCP (SP) ने परिसीमन विधेयक पर समर्थन का रुख जाहिर किया है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि विपक्षी एकजुटता, परिसीमन पर NCP (SP) का बदला हुआ रुख और शरद पवार से अडानी की मुलाकातें क्या केवल संयोग हैं या आने वाले दिनों में महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजनीति में कोई नया समीकरण देखने को मिलेगा? इसका जवाब आने वाले संसदीय सत्र और नेताओं के अगले बयानों से ही स्पष्ट होगा।

क्या बंटेगा उत्तर प्रदेश? अमित शाह ने परिसीमन पर दिया बड़ा संदेश, सभी दलों से की ये अपील

सांसद चंद्रशेखर आजाद पर दुष्कर्म का आरोप, राउज एवेन्यू कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित

Train Cancelled List 2026: बिहार से दिल्ली तक कोहरे का असर, 20 ट्रेनें रद्द, 26 के दिन घटे; देखें पूरी लिस्ट

Delimitation Bill Live: परिसीमन बिल पर बिखरा विपक्ष, स्टालिन से पवार तक आए मोदी के साथ

परिसीमन विधेयक पर एकनाथ शिंदे का बड़ा फैसला, शिवसेना सांसदों को दिया समर्थन करने का सख्त निर्देश