राज ठाकरे ने 3 साल पुरानी पोस्ट शेयर कर खोली शरद पवार की पोल, बोले- मैंने 2023 में ही कह दिया था...

Raj Thackeray on Sharad Pawar: महाराष्ट्र की सियासत में हलचल के बीच मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने शरद पवार गुट पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने 2023 की अपनी भविष्यवाणी याद दिलाते हुए इसे सत्ता का नाटक बताया।
Raj Thackeray X Post On NCP Sharad Pawar Politics
राज ठाकरे के साेशल मीडिया पोस्टसोर्स: एक्स/@RajThackeray
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर 2 जुलाई 2023 की अपनी पुरानी पोस्ट को साझा की

  • राज ठाकरे ने शरद पवार और एनसीपी पर निशाना साधा

  • एनसीपी के दोनों गुटों में पिछले तीन साल से चल रहे टकराव को नाटक बताया

Raj Thackeray X Post On NCP Sharad Pawar Politics: परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पर तीखा हमला बोला है। राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी तीन साल पुरानी एक पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया है कि राज्य की सियासत में जो कुछ भी हो रहा है, वह सब शरद पवार के 'जंतर-मंतर' का ही एक सोचा-समझा हिस्सा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने तीन साल पहले ही इस सियासी घटनाक्रम की भविष्यवाणी कर दी थी, जो अब सच साबित होती दिख रही है।

राज ठाकरे का शरद पवार पर तीखा हमला

राज ठाकरे ने अपनी ताजा पोस्ट में लिखा कि उन्होंने 2 जुलाई 2023 को ही इस बात का जिक्र कर दिया था, जब एनसीपी का एक गुट टूटकर भारतीय जनता पार्टी के साथ सत्ता में शामिल हो गया था। राज ठाकरे के मुताबिक, इसके बाद अगले तीन सालों तक एनसीपी के दोनों गुटों ने आपस में टकराव और दुश्मनी का एक ऐसा नाटक रचा, जो आम जनता को बिल्कुल असली लग रहा था।

राज ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि अब ठीक उनके अनुमान के मुताबिक, पार्टी का एक और गुट हरकत में आ गया है और सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की पुरजोर कोशिश कर रहा है। उन्होंने इसे शरद पवार की ऐसी राजनीति बताया, जिसे बहुत कम लोग ही असल में समझ पाते हैं।

राज ठाकरे ने 2023 की पोस्ट में क्या लिखा था?

अपने दावे को पुख्ता करने के लिए राज ठाकरे ने 2 जुलाई 2023 की अपनी उस पुरानी पोस्ट का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने मराठी फिल्म 'सिंहासन' के आखिरी दृश्य और उसके चर्चित किरदार 'दिगु टिपनीस' का जिक्र किया था।

उस पोस्ट में राज ठाकरे ने लिखा था कि शरद पवार खुद को उद्धव ठाकरे के बोझ से मुक्त करना चाहते थे और उसी प्रक्रिया के तहत पवार खेमे का पहला गुट सत्ता के गलियारों की ओर निकल पड़ा है, जबकि जल्द ही दूसरा गुट भी उनके साथ जुड़कर सत्ता की सीढ़ियां चढ़ सकता है।

इसके साथ ही राज ठाकरे ने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा था कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे को दी जा रही जरूरत से ज्यादा अहमियत बीजेपी को कभी रास नहीं आई थी, इसलिए उसने इस स्थिति का एक आसान हल निकाल लिया।

महाराष्ट्र की गिरती राजनीतिक साख पर चिंता जताते हुए उन्होंने लिखा था कि कभी देश में बौद्धिक और सामाजिक चेतना की अगुवाई करने वाला यह राज्य आज राजनीति के बेहद निचले स्तर और गंदगी के दलदल में फंस गया है। राज ठाकरे ने सवाल उठाया कि क्या सीधी-सादी और सहनशील जनता के बीच सत्ता का यह घिनौना खेल यूं ही चलता रहेगा या जनता इसका अंत करेगी।