गेटवे ऑफ इंडिया पर ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 का आयोजन।
अमृता फडणवीस ने 26/11 शहीदों की याद में गीत प्रस्तुत किया।
सीएम फडणवीस ने सद्गुरु जग्गी वासुदेव का इंटरव्यू लिया।
नदी जोड़ परियोजना और जलयुक्त शिवार योजना पर भी हुई चर्चा।
Gateway of India Mumbai: मुंबई के ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया पर शनिवार को ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के दिव्याज फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी के अवसर पर शहीदों और पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह में वीरता, मानवता और विश्व शांति के प्रयासों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती समेत मनोरंजन, खेल, व्यापार और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
कार्यक्रम का भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब अमृता फडणवीस ने 26/11 आतंकी हमले के शहीदों और पीड़ितों की याद में विशेष श्रद्धांजलि गीत प्रस्तुत किया।
उनकी प्रस्तुति के जरिए हमले में जान गंवाने वाले लोगों और देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को याद किया गया। समारोह में विशेष प्रस्तुतियों और सम्मान कार्यक्रमों के माध्यम से साहस, एकता और शांति का संदेश दिया गया।
समारोह में एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। आमतौर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विभिन्न मंचों पर इंटरव्यू देते देखा जाता है, लेकिन इस बार वह आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव का साक्षात्कार लेते नजर आए। दोनों के बीच आंतरिक शांति और विश्व शांति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दिलचस्प बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सद्गुरु से सवाल किया कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में करियर, सामाजिक अपेक्षाओं और प्रतिस्पर्धा के दबाव से जूझ रहे युवाओं के लिए आंतरिक शांति कितनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी जानने की कोशिश की कि व्यक्ति के भीतर शांति स्थापित होने से व्यापक स्तर पर विश्व शांति का रास्ता कैसे तैयार हो सकता है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र राज्य को सूखा मुक्त बनाने के अपने विजन पर भी बात की। उन्होंने नदी जोड़ परियोजना और जलयुक्त शिवार योजना का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण और पानी की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम के जरिए शांति, मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।