Devendra Fadnavis Uddhav Thackeray Meeting: महाराष्ट्र में 12 मई को विधान परिषद की 9 सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
ऐसी रिपोर्ट है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (ठाकरे गुट) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच कथित तौर पर कोई सीक्रेट मीटिंग हुई है।
हालांकि शनिवार को सीएम फडणवीस ने नाशिक में मीडिया से बातचीत करते हुए साफ किया कि मुझे छुप कर उद्धव ठाकरे से मिलने की कोई जरूरत नहीं है। कोई मीटिंग होती है, तो उसे खुले तौर पर किया जा सकता है।
भले ही देवेंद्र उद्धव के बीच कोई मुलाकात नहीं हुई, लेकिन इसे लेकर राजनीतिक बवाल शुरू हो गया। इन दोनों नेताओं के बीच कथित मीटिंग के बारे में रिपोर्ट वंचित आघाडी के नेता प्रकाश आंबेडकर से जुड़े मीडिया प्लेटफॉर्म प्रबुद्ध भारत ने फैलाई। इन दावों से पूरे राज्य में नए राजनीतिक समीकरण की अटकलें लगाई जाने लगीं। फडणवीस ने झूठी खबर फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
ये भी पढ़ें :- ऑटो ड्राइवर की हरकत का युवती ने बनाया वीडियो; समाज को दिखाया आईना, अब पब्लिक दो गुटों में बंटी!
शिवसेना (ठाकरे गुट) के नेता संजय राऊत ने इन चर्चाओं पर शनिवार को कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इसका जवाब तो दोनों नेता ही दे सकते हैं। उन्होंने पत्रकारों के बीच सस्पेंस को बढ़ाते हुए कहा कि अगर मुझे इस बारे में जानकारी है भी तो मैं आपको क्यों बताऊं। राऊत ने कहा कि अगर राजनीति में कुछ हो रहा है, तो उस पर मैं पानी क्यों डालूं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि यह खबर पूरी तरह से बेबुनियाद, निराधार और झूठी है। जिस सोशल मीडिया हैंडल ने ऐसी अफवाह फैलाई है, उसे लीगल नोटिस दिया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।