वाशी APMC का होगा ग्लोबल पुनर्विकास सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

माथाडी कानून नहीं होगा खत्म! CM फडणवीस का बड़ा ऐलान, 3000 कामगारों को वडाला में मिलेंगे हक के घर

Vashi APMC Market Redevelopment: नवी मुंबई के वाशी में फडणवीस ने माथाडी कामगारों को आश्वस्त किया कि माथाडी कानून खत्म नहीं होगा। वडाला में 3000 घरों और APMC के अंतरराष्ट्रीय पुनर्विकास का ऐलान किया।

सूर्यप्रकाश मिश्र, प्रमोद यादव

Wadala Housing Project Mathadi: नवी मुंबई, कामगारों को सामाजिक सुरक्षा और कानूनी संरक्षण देने वाला माथाडी कानून किसी भी परिस्थिति में खत्म नहीं किया जाएगा। सरकार इस कानून को और मजबूत करेगी। यह भरोसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वाशी में आयोजित माथाडी कामगार सम्मेलन में दिलाया।

माथाडी आंदोलन के संस्थापक स्व. विधायक अण्णासाहेब पाटील की 93वीं जयंती के अवसर पर वाशी कृषि उत्पन्न बाजार समिति में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनतकश कामगारों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें सम्मानजनक जीवन देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कामगारों को हक के घर

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वडाला स्थित आवास परियोजना में करीब 2,850 से 3,000 माथाडी कामगारों को उनके हक के घर उपलब्ध कराए जाएंगे। परियोजना से जुड़ी अड़चनों को दूर कर आवश्यक एफएसआई और मंजूरियां प्रदान की गई हैं। साथ ही भविष्य में कामगारों के लिए और आवास परियोजनाएं शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

वाशी एपीएमसी मार्केट का होगा बड़ा पुनर्विकास

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वाशी एपीएमसी मार्केट यार्ड के अगले 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनर्विकास की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बदलती व्यापार व्यवस्था और बढ़ती कारोबार क्षमता को देखते हुए मार्केट को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके लिए जमीन के नीचे और जमीन के ऊपर आवश्यक एफएसआई उपलब्ध कराई जाएगी। इससे माथाडी कामगारों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

36 माथाडी मंडलों का पुनर्गठन

उन्होंने राज्य के सभी 36 माथाडी मंडलों के सशक्तीकरण और पुनर्गठन की जानकारी देते हुए कहा कि मंडलों के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र पैनल के माध्यम से ऑडिट कराया जाएगा। कामगारों के वेतन, पीएफ, ग्रेच्युटी, बोनस, मकान किराया और दुर्घटना मुआवजे जैसे लंबित मामलों को भी जल्द सुलझाया जाएगा।

50 किलो से अधिक वजन के बोरे पर सख्ती

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 50 किलो से अधिक वजन वाले बोरे से संबंधित नियमों के सख्ती से पालन पर जोर दिया। उन्होंने पणन मंत्री जयकुमार रावल और श्रम विभाग द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

वन मंत्री गणेश नाईक ने कहा कि

वन मंत्री गणेश नाईक ने कहा कि अण्णासाहेब पाटील के संघर्ष के कारण माथाडी कामगारों को कानूनी संरक्षण और समाज में सम्मान मिला। उन्होंने कामगारों की अगली पीढ़ी को उच्च शिक्षा हासिल कर डॉक्टर, इंजीनियर, सीए और प्रशासनिक अधिकारी बनने का आह्वान किया।

साथ ही माथाडी अस्पताल के आधुनिकीकरण और वडाला आवास परियोजना का काम जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। पणन एवं पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल ने कहा कि किसान, माथाडी कामगार और व्यापारी कृषि बाजार व्यवस्था के तीन प्रमुख आधार हैं। विधायक शशिकांत शिंदे ने माथाडी कानून की मूल संरचना को बनाए रखते हुए आवश्यक सुधार करने की बात कही।

नरेंद्र पाटिल ने की मांग

कार्यक्रम में अण्णासाहेब पाटील आर्थिक मागास विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटील ने माथाडी कामगारों की विभिन्न समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने वडाला आवास परियोजना जल्द पूरी करने, वाशी एपीएमसी के पुनर्विकास में पंजीकृत माथाडी कामगारों को आवासीय एवं व्यावसायिक स्थान उपलब्ध कराने तथा कामगारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के अवसर देने की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान रुणवाल ग्रुप के उपाध्यक्ष महेश खेतपाल ने वडाला आवास परियोजना पर प्रस्तुति दी। विधायक निरंजन डावखरे ने सूखाग्रस्त क्षेत्रों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहायता निधि में जमा करने हेतु चेक भी मुख्यमंत्री को सौंपा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों उत्कृष्ट कार्य करने वाले माथाडी कामगारों को सम्मानचिह्न देकर सम्मानित किया गया

बृजभूषण केस में नया मोड़! पहलवानों ने फिर खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, निचली अदालत के फैसले को चुनौती

चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों पर चिराग पासवान का बड़ा बयान, CEC ज्ञानेश कुमार से मांगा जवाब

ECI-SIR Row Live: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए कई बड़े नेता

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, लखनऊ से लेकर पटना तक विरोध प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग

PM Modi Deepfake Case: अश्लील फोटो वायरल करने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची महिला, सोशल मीडिया से हटाने की मांग