मध्य रेलवे के 9 कर्मचारियों को GM सेफ्टी अवार्ड दिया गया।
कर्मचारियों ने ट्रेन, पटरी और उपकरणों में संभावित खतरे को पहचानकर अधिकारियों को सतर्क किया।
दौंड स्टेशन पर कांस्टेबल निजाम शेख ने बुजुर्ग यात्री की जान बचाई।
Central Railway Honors Nine Employees: रेल यात्रियों की सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले मध्य रेल के 9 कर्मचारियों को जीएम सेफ्टी अवार्ड दिया गया।
मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके समय पर लिए गए निर्णयों और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण की सराहना की।
मुंबई मंडल के वरिष्ठ रेल प्रबंधक राजू किसन राठौड़ ने 29 अगस्त को ठाणे-अंबरनाथ लोकल में ड्यूटी के दौरान महालक्ष्मी एक्सप्रेस से एक यात्री को गिरते देखा। उन्होंने ट्रेन रुकवाकर घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया और अंबरनाथ स्टेशन पर सुरक्षित चिकित्सा सहायता के लिए सौंपा।
पनवेल के वरिष्ठ ट्रेन प्रबंधक सचिन जी. तलेकर ने एक वैगन में टूटा साइड बेयरर कप देखकर अधिकारियों को सूचित किया। दिवा के टीटीई जानू जलमसिंह वाल्वी ने चिंचपोकली फुट ओवरब्रिज का क्रॉस-ब्रेसिंग ओवरहेड उपकरण के ऊपर लटका देखा और तत्काल सूचना दी।
वहीं, एलटीटी के फिटर विकास कुमार दास ने ट्रेन संख्या 12101 के निरीक्षण में सीबीसी कपलिंग में बारीक दरार का पता लगाया।
नागपुर मंडल के चिकनी रोड स्टेशन पर तैनात पॉइंट्समैन धीरज कुमार गुप्ता ने तीसरी लाइन पर एक मकान की दीवार गिरने की सूचना तुरंत स्टेशन मास्टर को दी। बोरखेड़ी के पॉइंट्समैन अविनाश कुमार ने मालगाड़ी के एक वैगन के पहिए का फ्लैंज रेलहेड से ऊपर उठा देखा और अधिकारियों को सतर्क किया।
सोलापुर मंडल के लोको पायलट ए.एम. गुरव ने ट्रेन संख्या 18520 चलाते समय प्लेटफॉर्म पर पटरी पर लकड़ी के वेज देखे और ट्रेन रोककर अधिकारियों को सूचित किया। भुसावल मंडल के तकनीशियन कैलाश बालू सुरालकर ने इंद्रायणी मेमू रेक की ट्रैक्शन मोटर में इन्सुलेशन प्रतिरोध निर्धारित सीमा से कम पाया।
पुणे मंडल के दौंड स्टेशन पर तैनात कांस्टेबल निजाम शेख हसन मियां शेख ने 31 अगस्त को ट्रेन संख्या 12169 में चढ़ने के प्रयास के दौरान फिसल रहे एक बुजुर्ग यात्री को सुरक्षित खींच लिया।
उनकी तत्परता से यात्री की जान बच गई।समारोह में अपर महाप्रबंधक अनूप कुमार अग्रवाल, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद, अन्य प्रधान विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित थे।