कैंडेला पी12 इलेक्ट्रिक फेरी सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

30 मिनट में मुंबई से नवी मुंबई का सफर, पानी के ऊपर उड़ती दिखेगी देश की पहली इलेक्ट्रिक फेरी

Mumbai Hydrofoil Water Taxi: देश की पहली पी-12 इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉयल फेरी मुंबई पहुंच गई है। यह गेटवे ऑफ इंडिया से नवी मुंबई एयरपोर्ट का दो घंटे का सफर महज 30 मिनट में पूरा करने में सक्षम होगी।

रूपम सिंह

Highlights

  • स्वीडिश कंपनी कैंडेला की इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉयल फेरी मुंबई पहुंची।

  • 30 नवंबर से फेरी का मीडिया प्रदर्शन शुरू होगा।

  • गेटवे ऑफ इंडिया से नवी मुंबई एयरपोर्ट का सफर 30 मिनट में होगा।

  • 25 नॉट यानी 46 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी फेरी।

  • एक साथ 30 यात्री कर सकेंगे सफर, ऊर्जा की खपत भी कम होगी।

  • एलीफेंटा, अलीबाग और दक्षिण मुंबई के लिए भी सेवा की संभावना।

  • नियमित संचालन के लिए किराए और सरकारी मंजूरियों पर फैसला होना बाकी है।

Mumbai Electric Hydrofoil Ferry Service: मुंबई की भीड़भाड़ भरी सड़कों और घंटों के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए अब शहर के जलमार्ग एक क्रांतिकारी विकल्प बनने जा रहे हैं। स्वीडिश समुद्री प्रौद्योगिकी कंपनी कैंडेला की अत्याधुनिक और पानी की सतह से ऊपर उठकर चलने वाली देश की पहली पी-12 इलेट्रिक हाइड्रोफॉयल फेरी मुंबई पहुंच गई है। सफल समुद्री परीक्षणों के बाद आगामी 30 नवंबर से इसका मीडिया प्रदर्शन शुरू होगा,

जो गेटवे ऑफ इंडिया से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच दो घंटे के सड़क सफर को सीधे जलमार्ग के जरिए महज 30 मिनट में पूरा करने का रास्ता खोलेगा। कंपनी इस फेरी को मुंबई और नवी मुंबई के बीच आवागमन के एक तेज और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन माध्यम के रूप में पेश कर रही है। कैंडेला के अनुसार यह नाव 25 नॉट यानी करीब 46 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है और इसमें एक साथ 30 यात्री सफर कर सकते हैं।

गेटवे ऑफ इंडिया-नवी मुंबई एयरपोर्ट सीधी सेवा

प्रस्तावित मार्गों में सबसे प्रमुख गेटवे ऑफ इंडिया से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच सीधी सेवा है। व्यस्त समय में सड़क मार्ग से इस दूरी को तय करने में करीब दो घंटे लगते हैं, जबकि यह फेरी मुंबई हार्बर के रास्ते यह सफर महज 30 मिनट में पूरा कर सकती है। इसके अलावा एलीफेंटा द्वीप, अलीबाग और दक्षिण मुंबई से नवी मुंबई के बीच भी सेवाएं शुरू करने की संभावना तलाशी जा रही है। पारंपरिक नावों के विपरीत इस फेरी में पानी के नीचे कंप्यूटर नियंत्रित पंख लगे हैं, जिन्हें हाइड्रोफॉयल कहा जाता है।

जैसे ही नाव गति पकड़ती है, ये पंख इसके मुख्य हिस्से को पानी की सतह से ऊपर उठा देते हैं। इससे पानी का घर्षण कम होता है और सामान्य नावों की तुलना में 80 प्रतिशत तक कम ऊर्जा खर्च होती है। पानी के ऊपर उठकर चलने के कारण यह बहुत कम लहरें पैदा करती है, जिससे व्यस्त जलमार्गों में भी यह बिना किसी गति प्रतिबंध के तेज रफ्तार से चल सकती है।

घटाएगी सफर का समय

उफनती लहरों का असर भी यात्रियों पर नहीं पड़ता और सफर बेहद आरामदायक रहता है। इसे सामान्य कार चार्जर से भी चार्ज किया जा सकता है। यह पहल अक्टूबर 2025 में महाराष्ट्र के बंदरगाह मंत्री नितेश राणे के नेतृत्व में एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल की स्वीडन यात्रा का परिणाम है। स्टॉकहोम के सार्वजनिक परिवहन में इस तकनीक की सफलता देखने के बाद महाराष्ट्र और स्वीडन के बीच समुद्री सहयोग पर सहमति बनी थी।

इस फेरी के मालिक रूरल एनहांसर्स ग्रुप के प्रबंध निदेशक अंबर आयडे और साधव शिपया के प्रबंध निदेशक वेदांत चौधरी का मानना है कि यह तकनीक सफर का समय बचाने और प्रदूषण कम करने में कारगर साबित होगी, हालांकि, टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स के अनुसार मुंबईकर हर साल करीब 126 घंटे जाम में गंवाते हैं, लेकिन इस फेरी को नियमित सार्वजनिक परिवहन बनाने के लिए किराए, संचालन लागत और सरकारी मंजूरियों की कसौटी पर खरा उतरना होगा।

26/11 Mumbai Terror Attack: ताज होटल से CST तक, 26/11 मुंबई हमले की 9 बड़ी बातें

दिल्ली की गीता कॉलोनी में फिर लगी आग, फ्लाईओवर के नीचे कचरे के ढेर में भड़की लपटें; दमकल की गाड़ियां मौके पर

Anant Singh Daughter Wedding Live: दुल्हनिया को लेने निकले ऋषिकेश, अनंत सिंह की डिफेंडर बनी बारात की शान

संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले- OBC आरक्षण घटाकर मुसलमानों को कोटा देना चाहता है विपक्ष

संविधान दिवस पर आज कांग्रेस-BJP आमने-सामने, खरगे लखनऊ तो अमित शाह दिल्ली में करेंगे कार्यक्रम