Mumbai BMC Illegal Slum Demolition Drive: मुंबई बीएमसी ने झोपड़पट्टी क्षेत्रों में अवैध निर्माण के खिलाफ एक अक्टूबर से 31 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। अभियान के तहत 14 फीट और उससे अधिक ऊंचाई वाली झोपड़ियों पर निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।
मनपा प्रशासन ने संबंधित रहिवासियों से अपील की है कि वे अपने स्तर पर अवैध निर्माण तत्काल हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मनपा प्रशासन के अनुसार मुंबई शहर और उपनगरों को मिलाकर कुल 2 लाख 23 हजार 150 झोपड़ियां हैं। इनमें 39 हजार 111 झोपड़ियां 14 फीट या उससे अधिक ऊंचाई की हैं।
इनमें शहर में 3 हजार 348, पश्चिम उपनगर में 4 हजार 536 और पूर्व उपनगर में 31 हजार 227 झोपड़ियां शामिल हैं।
इनमें से 4 हजार 584 झोपड़ियों के खिलाफ पहले ही निष्कासन की कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि 611 झोपड़ियों को नोटिस जारी किए गए हैं। मनपा दक्षता के सह आयुक्त देवेंदर सिंह के नेतृत्व में पहले से ही अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में झोपड़पट्टी क्षेत्रों में अवैध निर्माण हटाने के लिए विशेष अभियान आयोजित किया गया है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे के निर्देश और शहर की अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस बीच बीएमसी के विभिन्न वार्डों में भी अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। 24 अगस्त से 15 सितंबर के बीच कुल 128 अवैध निर्माणों पर निष्कासन की कार्रवाई की गई है, जबति 140 अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है।
मुंबई मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अवैध निर्माण नहीं करने की अपील की है। साथ ही यदि किसी स्थान पर ऐसा निर्माण किया गया है, तो उसे तत्काल स्वयं हटाने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।