PM मोदी ने याद किए महाराष्ट्र के तीन आदिवासी वीर, जानिए राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और बाबूराव शेडमाके की कहानी

Maharashtra Tribal Freedom Fighters: जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी ने राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और बाबूराव शेडमाके का जिक्र किया। जानिए महाराष्ट्र के इन तीन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की पूरी कहानी।
pm narendra modi tribal heroes raghoji bhangre bhagoji naik baburao shedmake
राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और बाबूराव शेडमाके(सोर्स: डिाजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस पर महाराष्ट्र के तीन आदिवासी वीरों को याद किया।

  • राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और बाबूराव शेडमाके ने ब्रिटिश सत्ता और साहूकारों के खिलाफ संघर्ष किया।

  • इन महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान ने आदिवासी समाज के अधिकारों और इतिहास को उजागर किया।

PM Narendra Modi Mentions Tribal Heroes Of Maharashtra: जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र की आदिवासी विरासत और स्वतंत्रता संघर्ष का उल्लेख करते हुए राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और वीर बाबूराव शेडमाके का नाम लिया।

PM ने कहा कि गढ़चिरौली की धरती समृद्ध जनजातीय संस्कृति और इन वीरों की गाथाओं से जुड़ी है। उनके इस उल्लेख ने महाराष्ट्र के इतिहास के उन पन्नों की ओर ध्यान खींचा, जिनमें आदिवासी समाज के संघर्ष और बलिदान की कहानियां दर्ज हैं।

इन तीनों सेनानियों ने अलग-अलग समय और क्षेत्रों में अंग्रेजी सत्ता को चुनौती दी। उनके संघर्ष के पीछे जमीन, पारंपरिक अधिकार, साहूकारों का शोषण और आदिवासी समाज की पहचान जैसे मुद्दे भी थे। आइए जानते हैं इन तीनों वीरों की कहानी।

राघोजी भांगरे का साहूकारों के खिलाफ विद्रोह

राघोजी भांगरे का जन्म 8 नवंबर 1805 को महाराष्ट्र के महादेव कोली समुदाय में हुआ था। उनके परिवार में अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की परंपरा थी। आजादी का अमृत महोत्सव पोर्टल पर प्रकाशित उनके जीवन-वृत्त के अनुसार, 1818 में मराठा सत्ता की पराजय के बाद महादेव कोली समुदाय के पारंपरिक भूमि अधिकारों पर संकट बढ़ा। दूसरी ओर, साहूकारों की ऊंची ब्याज दरों के कारण गरीब परिवार कर्ज के जाल में फंस रहे थे।

राघोजी ने बड़े होने पर ब्रिटिश सेना में नौकरी की, लेकिन जल्द ही उसे छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने अंग्रेजों और साहूकारों के खिलाफ विद्रोही समूहों का नेतृत्व शुरू किया। 1828 तक अहमदनगर, पुणे, ठाणे और नासिक के क्षेत्रों में उनकी गतिविधियां तेज हो गई थीं। उनका उद्देश्य शोषणकारी व्यवस्था को चुनौती देना और अपने समुदाय के अधिकारों की रक्षा करना था।

pm narendra modi tribal heroes raghoji bhangre
राघोजी भांगरे(सोर्स: सोशल मीडिया)

1838 में रतनगढ़ के आसपास अंग्रेजों ने उनके विद्रोही समूह को दबाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान कई कोली लोगों को गिरफ्तार किया गया और अनेक को फांसी दी गई। अंग्रेजों ने विद्रोहियों का समर्थन कम करने के लिए महादेव कोली युवकों को अपनी सेना में भर्ती करने की रणनीति भी अपनाई। राघोजी भेष बदलकर कोंकण की ओर चले गए। आजादी का अमृत महोत्सव पोर्टल के विवरण के मुताबिक, 2 जनवरी 1848 को ठाणे में उन्हें गिरफ्तार किया गया और मुकदमे के बाद 2 मई 1848 को ठाणे सेंट्रल जेल में फांसी दे दी गई। उनके बाद धवला भांगरे ने संघर्ष की कमान संभाली।

भागोजी नाईक ने किया भील योद्धाओं का नेतृत्व

भागोजी नाईक का नाम 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महाराष्ट्र के नासिक और अहमदनगर क्षेत्र में हुए आदिवासी प्रतिरोध से जुड़ा है। संस्कृति मंत्रालय और भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद की ओर से प्रकाशित Dictionary of Martyrs के अनुसार, वे नासिक के रहने वाले थे। शुरुआत में उन्होंने अहमदनगर पुलिस में अधिकारी के रूप में काम किया, लेकिन बाद में अंग्रेजों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल हो गए।

भागोजी नाईक जल्द ही नासिक-अहमदनगर क्षेत्र में भील समुदाय के प्रमुख नेताओं में शामिल हो गए। 1857 में जब देश के कई हिस्सों में अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह शुरू हुआ, तब उन्होंने भील योद्धाओं के साथ ब्रिटिश ठिकानों पर हमले किए। अहिल्यानगर जिला प्रशासन के आधिकारिक इतिहास पृष्ठ में भी 1857 के संघर्ष के दौरान भागोजी नाईक के नेतृत्व में करीब 7,000 भील स्वतंत्रता सेनानियों के सक्रिय होने का उल्लेख मिलता है।

pm narendra modi tribal heroes bhagoji naik
भागोजी नाईक(सोर्स: सोशल मीडिया)

पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में स्थानीय भूगोल की जानकारी भील योद्धाओं के लिए महत्वपूर्ण थी। अंग्रेजों ने विद्रोह को दबाने के लिए सैन्य और पुलिस बलों का इस्तेमाल किया, लेकिन भागोजी नाईक और उनके साथी अलग-अलग स्थानों पर प्रतिरोध करते रहे। ICHR की पुस्तक के अनुसार, 11 नवंबर 1859 को नासिक के मिठसागर में ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना के साथ आमने-सामने की लड़ाई में भागोजी नाईक की मृत्यु हो गई।

pm narendra modi tribal heroes raghoji bhangre bhagoji naik baburao shedmake
नक्सल-मुक्त गड़चिरोली से स्टील हब तक...CM फडणवीस ने PM मोदी के सामने पेश किया विकास का रोडमैप

बाबूराव शेडमाके और 500 योद्धाओं की सेना

वीर बाबूराव शेडमाके का संघर्ष सीधे गढ़चिरौली और आसपास के क्षेत्र से जुड़ा है। उनका जन्म 12 मार्च 1833 को तत्कालीन चांदा जिले के क्षेत्र में हुआ था। गढ़चिरौली के डिजिटल जिला अभिलेख में उनके पिता का नाम पुलैसुर बापू और माता का नाम जुर्जा कुंवर बताया गया है। बचपन से ही उन्हें कुश्ती, तीर-कमान, तलवार और भाले का प्रशिक्षण मिला था।

अंग्रेजी शासन के हस्तक्षेप और आदिवासियों के अधिकारों पर पड़ रहे असर ने उन्हें विद्रोह के लिए प्रेरित किया। गढ़चिरौली के डिजिटल जिला अभिलेख के अनुसार, 24 सितंबर 1857 को उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई के लिए 'मोवेबल आर्मी' यानी चलायमान सेना बनाई। इसमें अडपल्ली, मोलमपल्ली, घोट और आसपास के क्षेत्रों के करीब 500 आदिवासी और रोहिला योद्धा शामिल थे।

pm narendra modi tribal heroes baburao shedmake
बाबूराव शेडमाके(सोर्स: सोशल मीडिया)

7 मार्च 1858 को बाबूराव और उनके साथियों ने राजगढ़ पर हमला कर उस पर कब्जा कर लिया। अंग्रेजों ने 13 मार्च को कैप्टन क्रिचटन के नेतृत्व में सेना भेजी, लेकिन उन्हें तत्काल सफलता नहीं मिली। इसके बाद 29 अप्रैल 1858 को बाबूराव ने अहेरी जमींदारी के चिचगुड़ी स्थित अंग्रेजी शिविर पर हमला किया। इस कार्रवाई में टेलीग्राफ विभाग के दो कर्मचारी मारे गए और कई अंग्रेज सैनिक घायल हुए।

अंग्रेजों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया। उनके सहयोगियों की संपत्तियां जब्त की गईं और विद्रोही सेना कमजोर पड़ने लगी। बाद में बाबूराव को गिरफ्तार कर मुकदमा चलाया गया। गढ़चिरौली के डिजिटल जिला अभिलेख के मुताबिक, 21 अक्टूबर 1858 को उन्हें गढ़चिरौली के किले में बनी जेल के पीपल के पेड़ पर फांसी दी गई। उस समय उनकी उम्र महज 25 वर्ष थी। उनके सम्मान में भारत सरकार ने 12 मार्च 2009 को डाक टिकट भी जारी किया था।

pm narendra modi tribal heroes raghoji bhangre bhagoji naik baburao shedmake
कीड़े-मकोड़ों से राहत और पक्के घर की सौगात, PM मोदी को यवतमाल के कृष्णा टेकाम ने सुनाई अपने नए घर की कहानी

तीनों वीरों की कहानियों में क्या है खास?

राघोजी भांगरे ने महादेव कोली समुदाय के अधिकारों और साहूकारों के शोषण के खिलाफ संघर्ष किया। भागोजी नाईक ने 1857 के विद्रोह में नासिक-अहमदनगर क्षेत्र के भील योद्धाओं का नेतृत्व किया। वहीं बाबूराव शेडमाके ने गढ़चिरौली क्षेत्र में आदिवासी योद्धाओं की सेना बनाकर अंग्रेजी शासन को चुनौती दी। इनके संघर्ष का समय और क्षेत्र अलग था, लेकिन आदिवासी अधिकारों और ब्रिटिश सत्ता के विरोध का सूत्र तीनों को जोड़ता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के भाषण में इन वीरों का उल्लेख कर महाराष्ट्र के आदिवासी इतिहास और उनके बलिदान को राष्ट्रीय मंच पर याद किया। उनकी कहानियां बताती हैं कि भारत का स्वतंत्रता संघर्ष केवल बड़े शहरों और चर्चित नेताओं तक सीमित नहीं था। जंगलों, पहाड़ियों और गांवों में भी अंग्रेजी शासन के खिलाफ प्रतिरोध की लंबी परंपरा रही है।