BMC Penalty Sewri Worli Elevated Road Project Update: मानसून के आगमन से पहले संभावित जलभराव को लेकर बीएमसी ने सीवरी-वर्ली एलिवेटेड रोड परियोजना के निर्माण कार्यों में अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाया है।
बीएमसी ने परियोजना से जुड़े ठेकेदारों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमएमआरडीए से लगभग 1.39 करोड़ रुपये की पेनाल्टी वसूलने की मांग की है। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, परेल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लंबे समय से निर्माण सामग्री के अतिक्रमण, अवैध ढांचों और मलबे के ढेर के कारण जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इससे निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बढ़ गई थी।
इसी मुद्दे को लेकर हाल ही में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों ने गंभीर चिंता जताई थी। इसके बाद बीएमसी ने कार्रवाई करते हुए परेल इलाके में मनपा के फुटपाथों पर बनाए गए पांच अवैध ठेकेदार चौकी और तीन गोदामों को ध्वस्त कर दिया।
बीएमसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक फुटपाथों पर निर्माण सामग्री रखने की किसी भी ठेकेदार को अनुमति नहीं दी गई थी। बीएमसी के अधीक्षण अभियंता द्वारा एमएमआरडीए को जारी नोटिस में मई 2024 से मई 2025 के बीच फुटपाथों के कथित अनधिकृत उपयोग के लिए 1.39 करोड़ रुपये का ग्राउंड रेट जमा करने को कहा गया है। नोटिस में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि यह राशि संबंधित ठेकेदारों से वसूल नहीं की गई तो एमएमआरडीए को जिम्मेदार माना जाएगा।