अश्विनी भिड़े Vs असीम गुप्ता (सौ, सोशल मीडिया )
BMC Commissioner New Appointment Mumbai: बीएमसी कमिश्नर पद से भूषण गगराणी 31 मार्च को रिटायर होने वाले हैं। ऐसे में देश की सबसे अमीर माने जाने वाली इस महानगरपालिका का नया आयुक्त कौन होगा। इसे लेकर महायुति सरकार में भी मतभेद है।
सूत्रों के मुताबिक़ सीएम देवेन्द्र फडणवीस की टीम इस अहम पद पर महिला आईएएस अधिकारी व वर्तमान में मुख्यमंत्री कार्यालय में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत अश्विनी भिड़े की नियुक्ति चाहती है। जबकि डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की टीम अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी असीम कुमार गुप्ता या फिर एमएमआरडीए आयुक्त संजय मुखर्जी को इस पद पर नियुक्त करने की सिफारिश कर रहा है।
दरअसल बीएमसी सरकार के लिए कुबेर के खजाने की तरह है। यही वजह है कि सीएम फडणवीस व डीसीएम शिंदे इस पर अपना कंट्रोल चाहते हैं। यही वजह है कि दोनों अपनी पसंद के अधिकारी को नियुक्त करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। जानकारों का यह भी कहना है कि भिड़े और गुप्ता के बीच चल रही दौड़ में एमएमआरडीए आयुक्त संजय मुखर्जी गेमचेंजर बन सकते हैं।
भिड़े रेस में आगे
- बीएमसी आयुक्त पद की रेस में फिलहाल मुख्यमंत्री के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अश्विनी भिड़े का - नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। भिड़े इससे पहले मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में काफी अहम योगदान दिया है। साथ ही उन्होंने बीएमसी के एडिशनल कमिश्नर के तौर पर असरदार तरीके से काम कर चुकी हैं। चूंकि उन्हें मुंबई के इंफ्रास्ट्रक्चर और एडमिनिस्ट्रेटिव कामों का काफी अनुभव है। इसकी वजह से उनका पलड़ा भारी माना जा रहा है।
- असीम गुप्ता भी प्रबल दावेदार अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी असीम गुप्ता को बीएमसी आयुक्त पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। फिलहाल अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट डीसीएम शिंदे के पास है। यही वजह है कि वे गुप्ता को बीएमसी कमिश्नर बनाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। गुप्ता को जहां मुंबई शहर के विकास की प्रमुख योजनाओं का विस्तृत जानकारी है। वही एडमिनिस्ट्रेटिव अधिकारी के तौर भी उनके योगदान को इग्नोर नहीं किया जा सकता है। शिंदे का मानना है कि गुप्ता के अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट में उनके अनुभव का इस्तेमाल मुंबई जैसे बड़े शहर की प्लानिंग व विकास में बेहतर तरीके से किया जा सकता है।
कई अन्य नामों की भी चर्चा
बीएमसी के नए आयुक्त के लिए अश्विनी भिड़े, असीम गुप्ता के अलावा राजस्व विभाग के अतिरिक्त सचिव विकास खरगे, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव व्ही राधा, गृह विभाग की अतिरिक्त सचिव मनीषा महैश्कर, एमएमआरडीएस आयुक्त संजय मुखर्जी व म्हाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव जायसवाल के नाम की भी चर्चा है। हालांकि इस पर अंतिम मुहर सीएम देवेंद्र फडणवीस ही लगायेंगे।
कौन हैं असीम गुप्ता
- अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी असीम गुप्ता को बीएमसी कमिश्नर पद के लिए एकनाथ शिंदे की पहली पसंद बताया जा रहा है। गुप्ता महाराष्ट्र कैडर के 1994 बैच के सीनियर इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस ऑफिसर है।
- उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से नेवल आर्किटेक्चर में बीटेक की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने आईआईटी दिल्ली से अप्लाइड मैथमेटिक्स में एम टेक किया है। गुप्ता ठाणे, नागपुर और औरंगाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर रह चुके हैं।
- वे मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के एडिशनल कमिश्नर का पद भी संभाल चुके हैं। वे स्लम रिहेबिलिटेशन अथॉरिटी (एसआरए) के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
- गुप्ता ने रिलीफ एंड रिहेबिलिटेशन डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी के रूप में भी अपना योगदान दिया है।
मुंबई से नवभारत लाइव के लिए लतिकेश शर्मा की रिपोर्ट