पालकमंत्री आशीष शेलार सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई में प्रदूषण पर लगाम लगाने की तैयारी, हफ्ते में एक दिन निर्माण कार्य बंद करने का प्रस्ताव

Mumbai Air Pollution: मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए पालकमंत्री आशीष शेलार ने BMC कमिश्नर को पत्र लिखा है। उन्होंने हफ्ते में एक दिन कंस्ट्रक्शन बैन और GRAP लागू करने की सिफारिश की है।

प्रमोद यादव

Highlights

  • मुंबई में सप्ताह में एक दिन निर्माण और ध्वस्तीकरण गतिविधियां बंद रखने का प्रस्ताव।

  • दिल्ली की तर्ज पर मुंबई के लिए विशेष ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) बनाने का सुझाव।

  • 87 बेकरियों को स्वच्छ ईंधन पर लाने और उद्योगों को हरित ईंधन अपनाने में वित्तीय मदद देने की मांग।

  • BMC के सभी 26 वार्डों में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभागों की बैठकें कराने का प्रस्ताव।

Mumbai Construction Ban: मुंबई में निर्माण कार्य पर प्रतिबंध: मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और मुंबई उपनगर के पालकमंत्री आशीष शेलार ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र लिखकर कई व्यापक उपायों का सुझाव दिया है।

शेलार ने प्रस्ताव रखा है कि बीएमसी क्षेत्र में सप्ताह में एक दिन सभी निर्माण और ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) गतिविधियों को पूरी तरह बंद रखा जाए, ताकि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

सर्दियों की आशंका और कोर्ट की चिंता

शेलार ने अपने पत्र में कहा कि सर्दियों के मौसम में वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए तत्काल और दीर्घकालिक कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की ओर से लगातार प्रदूषण को लेकर शिकायतें और सुझाव प्राप्त हो रहे हैं, वहीं बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी मुंबई की खराब होती वायु गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त की है।

आशीष शेलार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए बीएमसी द्वारा अब तक उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण उपाय, वार्ड स्तर की निरीक्षण टीमों, सेंट्रल एयर क्वालिटी डैशबोर्ड के माध्यम से 3,166 निर्माण स्थलों की निगरानी, निर्माण मलबा प्रबंधन प्रणाली, बेकरियों में स्वच्छ ईंधन के उपयोग और श्मशान घाटों में प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों का विशेष उल्लेख किया।

मुंबई में PM-10 स्तर में सुधार और कड़े उपायों की जरूरत

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 की तुलना में मुंबई में पीएम-10 प्रदूषण स्तर में लगभग 48 प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन वायु गुणवत्ता में और सुधार के लिए अधिक व्यापक एवं सख्त उपायों की आवश्यकता है।

शेलार ने दिल्ली की तर्ज पर मुंबई के लिए विशेष ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) तैयार करने का सुझाव दिया। उनका कहना है कि वायु गुणवत्ता खराब होने पर पूर्व निर्धारित उपाय तुरंत लागू किए जाने चाहिए।

उन्होंने प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों और प्रमुख यातायात मार्गों पर उपचारित पानी से सड़कों की धुलाई, नियमित जल छिड़काव, रात के समय मशीनीकृत सड़क सफाई, गड्ढों की तत्काल मरम्मत और खुदाई के बाद सड़कों की समयबद्ध बहाली की भी मांग की।

समर्पित हेल्पलाइन और शिकायत निवारण प्रणाली

शेलार ने कचरा जलाने, डंपिंग ग्राउंड में आग लगने और निर्माण मलबे की अवैध डंपिंग जैसी घटनाओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन और सोशल मीडिया अकाउंट शुरू करने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो, दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए और हर सप्ताह कार्रवाई रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही अधिक प्रदूषित क्षेत्रों और प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों पर एंटी-स्मॉग गन एवं मिस्ट स्प्रेयर तैनात किए जाएं।

मंत्री ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के संयुक्त अभियान चलाने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की जांच बढ़ाने और वैध प्रमाणपत्र नहीं रखने वाले भारी वाहनों के बीएमसी क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।

एमएमआर (MMR) के अन्य निकायों के साथ समन्वय

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण की ये कार्रवाई केवल मुंबई तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की स्थानीय निकायों के साथ समन्वय बनाकर लागू की जानी चाहिए।

शेलार ने निर्माण स्थलों पर सेंसर आधारित वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली जल्द स्थापित करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने लकड़ी और कोयले का उपयोग करने वाली शेष 87 बेकरियों को स्वच्छ ईंधन में परिवर्तित करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने उद्योगों में कोयले की खपत पर भी चिंता व्यक्त की। शेलार के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र के उद्योग ऊर्जा और ईंधन के लिए बड़ी मात्रा में कोयले का उपयोग करते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि उद्योगों को हरित ईंधन अपनाने के लिए कम ब्याज वाले ऋण, कर रियायतें और ग्रीन एनर्जी फंड के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।

परिवहन का विद्युतीकरण और प्रोत्साहन

शेलार ने सार्वजनिक और निजी परिवहन के विद्युतीकरण को तेज करने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल उद्योग और निजी कंपनियों की सहभागिता से स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा दिया जा सकता है।

वायु प्रदूषण के खिलाफ जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए मंत्री ने बीएमसी के सभी 26 वार्डों में नागरिक समूहों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित सरकारी विभागों की बैठकें आयोजित करने का सुझाव दिया। इन बैठकों में स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान पर चर्चा की जा सकती है।

इसके अलावा उन्होंने उद्योग जगत की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ अलग बैठक आयोजित कर प्रदूषण नियंत्रण अभियानों के लिए तकनीकी सहयोग और वित्तीय सहायता प्राप्त करने का भी प्रस्ताव रखा।

एजेंसी इनपुट से...

Hotel Room Safety: होटल में चेक-इन करते ही करें ये 10 जरूरी काम, सुरक्षा में न करें लापरवाही

गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, गोलीबारी में 6 लोगों की मौत; सामने आया खौफनाक VIDEO

SIR पर विपक्ष के प्रदर्शन के जवाब में सड़क पर उतरेंगे केंद्रीय मंत्री! क्या है BJP का प्लान?

SIR के तीनों आदेश सर्वसम्मति से लिए गए, चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में जवाब

UP MLC चुनाव में गड़बड़ी पर एक्शन, 6 अधिकारियों पर गिरी गाज; इन बूथों पर वोटिंग भी रद्द