Abhijeet Dipke Open Challenge To CM Devendra Fadnavis: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे। पुलिस द्वारा प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद नारे लिखी तख्तियां और तिरंगा लिए बड़ी संख्या में युवा राजनीतिक रैलियों के लिए प्रसिद्ध इस मैदान में पहुंचे।
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दिपके ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर शिवाजी पार्क में जुटे प्रदर्शनकारियों को जेल भेजने की चुनौती दी।
CJP नेता अभिजीत दिपके ने शिवाजी पार्क में जुटे युवाओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस की तीन दिन जेल काटने वाली चेतावनी पर सीधा पलटवार किया। दिपके ने मुख्यमंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा अगर सरकार और पुलिस प्रशासन समझता है कि जेल जाने के डर से युवा अपनी मांगें छोड़ देंगे, तो यह उनकी भूल है। हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे हैं। हिम्मत है तो हमें गिरफ्तार करके जेल में डालकर दिखाए सरकार।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रदर्शनकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि कानून-व्यवस्था का उल्लंघन किया गया या अवैध रूप से आंदोलन चलाया गया, तो जेल भरो आंदोलन में शामिल लोगों को कम से कम तीन दिन जेल में बिताने पड़ सकते हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और विशाल ददलानी भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद थे। शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने CJP के आंदोलन को समर्थन दिया है।
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार को शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने शाम चार बजे प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले मध्य मुंबई में दादर स्टेशन और शिवाजी पार्क मैदान के आसपास सुरक्षा कड़ी की थी। मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर बैरिकेड भी लगाए गए हैं।
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का शिवाजी पार्क इलाके के निवासियों ने का कड़ा विरोध किया है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि यह प्रदर्शन हमारे इलाके की शांति और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है। वे इसे जबरन आयोजित करने की कोशिश कर रहे हैं। आवासीय क्षेत्र में इस तरह के प्रदर्शनों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।