Maharashtra Top 10 News Updates: महाराष्ट्र में सियासी हलचलों से लेकर प्रशासनिक निर्णयों तक, गतिविधियां तेज हैं। गरबा उत्सव में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अमृता फडणवीस के बयान ने नई बहस छेड़ दी है, तो वहीं दूसरी ओर संजय राउत की तीखी बयानबाजी से राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है। खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है।
FDA ने जुहू स्थित इस्कॉन मंदिर परिसर के 'गोविंदास' रेस्टोरेंट पर नियमों के उल्लंघन के चलते बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, राज्य भर से सामने आ रही प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, और प्रशासनिक खबरों का विस्तृत ब्योरा यहां पढ़ें।
नवरात्रि उत्सव शुरू होने में करीब एक महीने का समय बाकी है, लेकिन महाराष्ट्र में गरबा और दांडिया को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। मंत्री नितेश राणे ने गरबा आयोजनों में मुस्लिमों के प्रवेश का विरोध करते हुए ‘लव जिहाद’ का मुद्दा उठाया था। अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रखी है।
पुणे शहर में गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब बिक्री पर सख्ती की गई है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 14 सितंबर 2026, गणेश चतुर्थी के दिन पुणे-1 राज्य आबकारी विभाग के कार्यक्षेत्र में पूरे दिन शराब की बिक्री बंद रहेगी।
इस दौरान शराब बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।
युवाओं के बीच लोकप्रिय अंबाझरी के गोकुलपेठ रोड स्थित बैरल कैफे पब में आधी रात के बाद हुई आगजनी ने पूरे शहर को चौंका दिया। जिस जगह पर आमतौर पर रातें म्यूजिक, दोस्तों और पार्टी के माहौल से गुलजार रहती हैं, वहीं तड़के करीब 4 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। पुलिस के मुताबिक, इस आग के पीछे किसी बड़ी आपराधिक साजिश नहीं, बल्कि पब में हुई एक मामूली कहासुनी से उपजा कथित गुस्सा था।
महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी नौकरियों में मेधावी खिलाड़ियों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण की नीति में बदलाव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में संशोधित नीति को मंजूरी मिली।
ठाणे शहर के बालकुम में प्रस्तावित अमेजन हाइपरस्केल डेटा सेंटर इन दिनों चर्चा में है। परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध किया जा रहा है। अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता और विधायक आदित्य ठाकरे भी इसके विरोध में उतर आए हैं।
भाईंदर पूर्व के जेसल पार्क इलाके में गणेश प्रतिमा के आगमन के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। जेसल पार्क का सुखकर्ता गणेश मंडल की 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को लेकर जा रही ट्रॉली का पहिया निर्माणाधीन सड़क पर बने गड्ढे में फंस गया। संतुलन बिगड़ने से विशाल प्रतिमा एक तरफ झुककर नीचे गिर गई और क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी श्रद्धालु या मंडल कार्यकर्ता के घायल होने की सूचना नहीं है।
गणेशोत्सव में अब महज कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन शहर की सड़कों पर बने गड्ढे प्रशासन के दावों की पोल खोल रहे हैं। बड़े फ्लाईओवर और सड़कों के निर्माण के दावों के बीच कई प्रमुख मार्गों की हालत ऐसी है कि वाहन चालकों को सड़क से ज्यादा गड्ढे नजर आ रहे हैं।
FDA ने मुंबई के जुहू स्थित इस्कॉन मंदिर परिसर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे द्वारा मई महीने में एफडीए कमिश्नर का पदभार संभालने के बाद से पूरे राज्य में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
पुणे के सहकारनगर पुलिस स्टेशन में दही हांडी उत्सव के दौरान अश्लील गानों पर नृत्य करने के आरोप में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रसिद्ध नृत्यांगना राधा पाटील पर बिबवेवाडी पुलिस स्टेशन में पहले ही मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद अब महाराष्ट्र की चर्चित नृत्यांगना निशा मुंबईकर और शुभांगी थोरात सहित 8 नृत्यांगनाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मुंबई: आने वाले दिनों में महाराष्ट्र में जमीन खरीदने-बेचने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। राज्य सरकार जमीन और अन्य अचल संपत्तियों को डिजिटल और टोकनाइज करने के लिए ब्लॉकचेन आधारित सिस्टम तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुताबिक, इसके लिए प्रस्तावित ‘महाराष्ट्र डिजिटायजेशन एंड एक्सचेंज ऑफ लैंड टोकन एसेट एक्ट’ यानी DELTA Act अगले चार से पांच महीनों में सामने आ सकता है।