

Aditya Thackeray Protest Balkum Thane Amazon Hyperscale Data Center: ठाणे शहर के बालकुम में प्रस्तावित अमेजन हाइपरस्केल डेटा सेंटर इन दिनों चर्चा में है। परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध किया जा रहा है। अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता और विधायक आदित्य ठाकरे भी इसके विरोध में उतर आए हैं।
आदित्य ठाकरे ने मंगलवार शाम बालकुम इलाके में स्थानीय नागरिकों के एक समूह से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डेटा सेंटर रिहायशी क्षेत्र में नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसी परियोजना को औद्योगिक क्षेत्र में ले जाना जरूरी है।
ठाकरे ने स्थानीय लोगों की चिंताओं को सुना और परियोजना को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के हितों और क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
आदित्य ठाकरे ने ठाणे की इंटरनल रिंग मेट्रो परियोजना को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर के हर इलाके की सड़कें खोदकर रख दी गई हैं, जिससे लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों और उससे पैदा हो रही नागरिकों की परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उनके साथ शिवसेना यूबीटी के पूर्व सांसद राजन विचारे, ठाणे जिला प्रमुख केदार दिघे और 'वेक अप ठाणेकर' के जतिन कोठारे समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
अमेजन डेटा सेंटर और इंटरनल रिंग मेट्रो परियोजना के खिलाफ 'वेक अप ठाणेकर' नामक गैर-राजनीतिक नागरिक संगठन की ओर से पिछले कुछ समय से मुहिम चलाई जा रही है। संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को आदित्य ठाकरे से मुलाकात कर परियोजनाओं के खिलाफ समर्थन मांगा था।
इसके बाद आदित्य ठाकरे मंगलवार को बालकुम पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। डेटा सेंटर को लेकर स्थानीय विरोध के बीच अब राजनीतिक समर्थन मिलने से यह मुद्दा और चर्चा में आ गया है।