Nagpur के Barrel Cafe में आगजनी, दो शेफ गिरफ्तार, मामूली विवाद के बाद रची थी साजिश

Nagpur Barrel Cafe: नागपुर के गोकुलपेठ स्थित बैरल कैफे पब में रजनीगंधा ले जाने से रोकने पर बौखलाए 2 शेफ ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।
popular Barrel Cafe Pub in Gokulpeth
नागपुर के बैरल कैफे पब मे युवा (सोर्सः गुगल जेमिनी)
Published on
Updated on

Nagpur Pub Fire Case: युवाओं के बीच लोकप्रिय अंबाझरी के गोकुलपेठ रोड स्थित बैरल कैफे पब में आधी रात के बाद हुई आगजनी ने पूरे शहर को चौंका दिया। जिस जगह पर आमतौर पर रातें म्यूजिक, दोस्तों और पार्टी के माहौल से गुलजार रहती हैं, वहीं तड़के करीब 4 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। पुलिस के मुताबिक, इस आग के पीछे किसी बड़ी आपराधिक साजिश नहीं, बल्कि पब में हुई एक मामूली कहासुनी से उपजा कथित गुस्सा था।

गोकुलपेठ के लोकप्रिय 'बैरल कैफे' में सनसनीखेज वारदात

नागपुर के अंबाझरी थाना क्षेत्र स्थित गोकुलपेठ रोड पर युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय 'बैरल कैफे पब' (Barrel Cafe Pub) में हुई आगजनी का मामला सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पब में गुटखा (रजनीगंधा) ले जाने से रोके जाने और सर्विस को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन के नंबर के आधार पर मुख्य आरोपी मनमोहन उर्फ निखिल बुधसागर तिवारी (31, निवासी खामला) और उसके साथी शुभम श्रीकृष्णा विश्वकर्मा (26, निवासी शास्त्रीनगर) को धर दबोचा है।

विदेशों में काम कर चुका है मुख्य आरोपी शेफ

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मनमोहन पेशे से एक कुशल शेफ है और विदेशों के बड़े होटलों में काम कर चुका है। वर्तमान में वह खामला क्षेत्र में अपना खुद का रेस्टोरेंट चलाता है, जबकि दूसरा आरोपी शुभम भी एक स्थानीय होटल में शेफ है। 5 सितंबर की रात मनमोहन बैरल कैफे पब पहुंचा था। प्रवेश द्वार पर चेकिंग के दौरान कर्मचारियों ने उसके पास मौजूद रजनीगंधा गुटखा अंदर ले जाने से रोक दिया। इसके बाद एंट्री फीस वसूलने, घटिया सर्विस देने और शराब की गुणवत्ता को लेकर मनमोहन की पब कर्मचारियों से तीखी बहस हो गई।

बदले की नीयत से तड़के 4 बजे छिड़का पेट्रोल

अपमान से गुस्साया मनमोहन पब से बाहर निकला और सीधे शास्त्रीनगर पहुंचकर अपने दोस्त शुभम को साथ लिया। दोनों ने पब को सबक सिखाने की साजिश रची और तड़के करीब 4 बजे मोटरसाइकिल से बैरल कैफे के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला, पब के भीतर छिड़का और आग लगाकर मौके से फरार हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि पब के अंदर रखा एसी, कीमती सोफा और फर्नीचर जलकर पूरी तरह राख हो गया। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

popular Barrel Cafe Pub in Gokulpeth
फोर-लेन हाईवे प्रोजेक्ट को हरी झंडी: इंदौर से नागपुर का 14 घंटे का सफर अब सिर्फ 6 घंटे में होगा पूरा

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

अंबाझरी पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दोनों आरोपी आगजनी के बाद बाइक से भागते हुए स्पष्ट दिखाई दिए। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने पब और रेस्टोरेंट परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और मामूली विवाद में बढ़ते हिंसक रुझान पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com