एसटी स्मार्ट कार्ड, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार सोर्स: सोशल मीडिया
महाराष्ट्र

महादेव सट्टा ऐप के पैसों से खरीदी कंपनी को 140 करोड़ का ST स्मार्ट कार्ड टेंडर! विजय वडेट्टीवार ने उठाए सवाल

ST Smart Card Tender: कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया है कि महादेव सट्टा ऐप के आरोपी की विवादित कंपनी को ST महामंडल का 140 करोड़ का स्मार्ट कार्ड टेंडर मिला।

आकाश मसने

Highlights

  • ST महामंडल के 140 करोड़ के टेंडर का महादेव सट्टा ऐप कनेक्शन

  • विकास गर्ग ने सट्टेबाजी के अवैध पैसों से Evix कंपनी खरीदी

  • स्मार्ट कार्ड योजना के1 करोड़ से अधिक लोगों का डाटा कंपनी के पास

ST Smart Card Tender Mahadev Betting App Partner Company Connection: छत्तीसगढ़ के बाद अब महाराष्ट्र की राजनीति में भी महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की गूंज सुनाई दे रही है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने राज्य की महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट के माध्यम से वडेट्टीवार ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) द्वारा दिए गए 140 करोड़ रुपये के स्मार्ट कार्ड अनुबंध में अनियमितता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील डेटा लीक होने की आशंका जताई है।

सट्टेबाजी के पैसों से खरीदी गई कंपनी को मिला टेंडर?

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विकास गर्ग नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि विकास गर्ग ने ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित अवैध धन का उपयोग करके इबिक्स नामक कंपनी का अधिग्रहण किया।

विजय वडेट्टीवार ने दावा किया कि इस कंपनी का विवादों से पुराना नाता रहा है। कंपनी पर 190 करोड़ रुपये की कस्टम ड्यूटी चोरी के आरोप हैं, इसके अलावा यह GST विभाग की कार्रवाई और बाजार नियामक SEBI के जुर्माने का भी सामना कर चुकी है। इतने दागदार रिकॉर्ड के बावजूद, ST निगम का 140 करोड़ रुपये का स्मार्ट कार्ड अनुबंध अभी भी इसी कंपनी के पास बरकरार है।

टेंडर मिलने के बाद लुढ़के कंपनी के शेयर

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने अपनी पोस्ट में बताया कि टेंडर आवंटित होने के बाद इस कंपनी के शेयरों की कीमत 50 रुपये से लुढ़ककर सीधे 13 रुपये पर आ गई, जिससे आम निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

1 करोड़ नागरिकों के डेटा पर खतरा

इससे भी अधिक चिंताजनक विषय यह है कि स्मार्ट कार्ड योजना के अंतर्गत महाराष्ट्र के 1 करोड़ से अधिक वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और छात्रों के आधार विवरण तथा अन्य संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारियां इस विवादित कंपनी के डेटाबेस में सौंप दी गई हैं।

विजय वडेट्टीवार ने महाराष्ट्र सरकार से तत्काल प्रभाव से यह अनुबंध रद्द करने और नागरिकों के निजी डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

ST सहकारी बैंक में 25 करोड़ की हेराफेरी

दूसरी ओर, महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के तार यहीं नहीं रुकते। ST कर्मचारियों के सहकारी बैंक में भी लगभग 25 करोड़ रुपये के गबन का मामला सामने आया है।

महाराष्ट्र एसटी महामंडल कर्मचारी कांग्रेस के महासचिव श्रीरंग बर्गे ने परिवहन मंत्री और ST निगम के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक से मुलाकात कर इस संबंध में एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा है।

यूनियन का आरोप है कि बैंक के लिए फर्नीचर खरीद, कार्यालय नवीनीकरण, कंप्यूटर, एयर-कंडीशनिंग सिस्टम और CCTV लगाने के नाम पर बड़े पैमाने पर पैसों की हेराफेरी की गई है।

टेंडर से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलें गायब हुई

यूनियन ने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा ठेकेदारों के साथ मिलीभगत कर टेंडर प्रक्रिया में धांधली की गई और सामान की डिलीवरी से पहले ही ठेकेदारों को 100 प्रतिशत अग्रिम भुगतान कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, टेंडर नंबर 13/2025-26 से जुड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण फाइल भी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है।

वर्तमान में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) इस बात की जांच कर रही है कि क्या सबूत मिटाने के लिए दस्तावेजों को नष्ट किया गया है। साथ ही, बैंक में लगभग 170 कर्मचारियों की अनियमित भर्ती और इसके बदले रिश्वत मांगे जाने के आरोपों ने भी तूल पकड़ लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है और 2 दिसंबर को सभी संबंधित पक्षों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई है।

भारत में पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर सरकार सख्त, 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर Netflix को निर्देश

Exclusive: पासपोर्ट विवाद पर भड़के अभिजीत दीपके, PM की डिग्री का उठाया मुद्दा; रांका ने भी सरकार को घेरा

न रनवे न एयरपोर्ट, फिर भी उतर गए सेना के 4 विमान? गडकरी के VIDEO ने चौंकाया, जानें क्या है माउंटेन ईगल्स मिशन

26-27-28-29 नवंबर 2008 को पूरा भारत रोया, पाकिस्तान हंसा! अजमल कसाब मुंबई कैसे पहुंचा?

Shivangi Singh Wedding Photos: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में क्या-क्या हुआ? देखें खास तस्वीरें