

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पुरानी एडवाइजरी याद दिलाई।
8 मई 2025 को पाकिस्तानी मूल के कंटेंट को लेकर एडवाइजरी जारी हुई थी।
'जो बचे हैं संग समेट लो' की संभावित रिलीज पर मंत्रालय को शिकायतें मिलीं।
बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-नजात' की दो निजी स्क्रीनिंग रद्द हुईं।
Netflix Pakistani Content in India: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव का असर अब मनोरंजन जगत पर भी दिखाई देने लगा है। पाकिस्तानी फिल्मों और वेब सीरीज की भारत में उपलब्धता को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तानी कंटेंट को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराने का निर्देश दिया है।
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब पाकिस्तानी वेब सीरीज को लेकर भारत में चर्चाएं तेज हैं और बेंगलुरु में एक पाकिस्तानी टीवी शो की दो निजी स्क्रीनिंग भी विरोध के बाद रद्द करनी पड़ी हैं।
पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की संभावित भारतीय रिलीज को लेकर विवाद सामने आया है। इस सीरीज को लेकर मंत्रालय तक शिकायतें पहुंचने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, फिलहाल नेटफ्लिक्स की ओर से इस संबंध में किसी नए आधिकारिक बयान की जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय को पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में रिलीज किए जाने की संभावनाओं को लेकर कई शिकायतें और आवेदन मिले हैं। इसके बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को उसके पहले दिए गए आश्वासन की याद दिलाई है। सरकार चाहती है कि प्लेटफॉर्म भारतीय दर्शकों के लिए पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री उपलब्ध नहीं कराने की अपनी पूर्व स्थिति पर कायम रहे।
दरअसल, पिछले साल जून में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि उसने पाकिस्तान की किसी भी फिल्म या वेब सीरीज को भारत में अपने सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराया है। अब मंत्रालय ने इसी आश्वासन को दोहराते हुए प्लेटफॉर्म को अपनी एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री को लेकर विवाद केवल ओटीटी प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पाकिस्तानी टीवी ड्रामा 'दर-ए-नजात' की दो निजी स्क्रीनिंग आयोजित करने की योजना भी विरोध के चलते रद्द करनी पड़ी।
पाकिस्तान के ARY डिजिटल पर प्रसारित होने वाला यह शो भारतीय दर्शकों के बीच भी लोकप्रिय हो रहा है। भारत में चैनल ब्लॉक होने के बावजूद कुछ यूट्यूब चैनलों के जरिए दर्शक इसे देख रहे हैं।
इस सीरीज के दो एपिसोड दिखाने के लिए एक रेस्तरां में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी थी। इसमें मेहमानों के लिए फारसी और अरबी व्यंजनों वाला डिनर भी रखा गया था। वहीं, दूसरे आयोजन में मेहमानों को पाकिस्तानी पारंपरिक कपड़े पहनकर आने का निमंत्रण दिया गया था।
जैसे ही इन आयोजनों के प्रमोशनल पोस्टर सोशल मीडिया पर सामने आए, विरोध शुरू हो गया। कई लोगों ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का हवाला देते हुए ऐसे कार्यक्रमों पर आपत्ति जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इसके बाद दोनों आयोजनों को रद्द कर दिया गया।
भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक एवं सैन्य तनाव का असर दोनों देशों के सांस्कृतिक और मनोरंजन संबंधों पर भी पड़ रहा है। एक तरफ पाकिस्तानी कंटेंट की संभावित ओटीटी रिलीज को लेकर मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को निर्देश दिए हैं, तो दूसरी तरफ निजी स्क्रीनिंग को लेकर भी विरोध देखने को मिला है।
इन घटनाओं से स्पष्ट है कि भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री की उपलब्धता और उसके सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर संवेदनशीलता बढ़ी हुई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि नेटफ्लिक्स मंत्रालय के निर्देशों पर क्या रुख अपनाता है।