Latur Crime News: महाराष्ट्र के लातूर जिले के जलकोट तालुका से एक ऐसी अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। यहाँ पिता ने अपनी ही नाबालिग और दिव्यांग बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया। समाज को झकझोर देने वाली इस घटना ने स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश पैदा कर दिया है, क्योंकि जिस रक्षक के कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वही भक्षक बन गया।
इस घृणित अपराध का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित बच्ची के स्वास्थ्य में बदलाव देखे गए। मेडिकल जांच के दौरान यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि नाबालिग लड़की लगभग 19 सप्ताह और 2 दिन की गर्भवती है। इस खुलासे के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई और परिवार सहित पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। शुरुआत में अज्ञात व्यक्ति पर शक जताया गया था, लेकिन पुलिस की जांच की दिशा जल्द ही घर की ओर मुड़ गई।
घटना के संबंध में पीड़ित बच्ची की माँ ने 17 अप्रैल को जलकोट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बारीकी से तफ्तीश शुरू की। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने बच्ची के पिता को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो वह टूट गया। आरोपी पिता ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने ही अपनी दिव्यांग बेटी के साथ बार-बार इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया था।
यह भी पढ़ें: EXPLAINER: शक्ति कानून होता, तो अपराधियों में खौफ होता, क्यों उठी लागू करने की मांग? जाने क्या है शक्ति कानून
जलकोट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं और बाल लैंगिक अत्याचार प्रतिबंधक कानून (POCSO) के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की देखरेख में जारी है, ताकि पीड़ित मासूम को कड़ी सजा के माध्यम से न्याय दिलाया जा सके।