महाराष्ट्र लाइव ब्लॉग (डिजाइन फोटो) 
महाराष्ट्र

Maharashtra News Live: एक क्लिक में पढ़ें 25 जुलाई की सभी बड़ी खबरें

Today's Maharashtra News 25 July Live Updates: महाराष्ट्र के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में सुबह से लगातार भारी बारिश से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो चुकी है।

प्रिया जैस

Maharashtra Breaking News LIVE Updates:  सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के अमरावती जिले में अपने पैतृक गांव दारापुर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पिता और केरल व बिहार के पूर्व राज्यपाल आरएस गवई के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सीजेआई गवई अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने गांव में पिता की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आर एस गवई के स्मारक पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे को कृषि विभाग में हुए घाेटाले के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने राहत दी है।

विधायक स्नेहा पंडित ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दिए 2 लाख 55 हजार रुपए

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आज मुंबई में विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने 'मुख्यमंत्री राहत कोष' के लिए 2,55,000 रुपए का चेक भेंट किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्नेहा दुबे पंडित का आभार व्यक्त किया।

CJI गवई ने दरियापुर न्यायालय के नए भवन का उद्घाटन किया

भारत के मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई ने आज दरियापुर न्यायालय के नए भवन का उद्घाटन किया। वे आज महाराष्ट्र के अमरावती जिले के दौरे पर हैं।

छावा संगठन के कार्यकर्ताओं ने अजित पवार से की मुलाकात, मंत्री कोकाटे को हटाने की मांग

छावा संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार से मुलाकात की और राज्य के मंत्री माणिकराव कोकाटे को हटाने की मांग की। एनसीपी कार्यकर्ताओं ने 20 जुलाई को लातूर में छावा संगठन के कार्यकर्ताओं पर हमला किया था, जहां कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेता सुनील तटकरे से एक वीडियो को लेकर बहस की थी।

पैसे दोगुना करने का लालच देकर वकील से 20 लाख रु ऐंठने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

नवी मुंबई में तंत्र-मंत्र और अनुष्ठानों के जरिए पैसे दोगुना करने का लालच देकर एक वकील से 20 लाख रुपये ठगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। तुर्भे संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त मयूर भुजबल ने बताया कि 22 जुलाई को वकील को 20 लाख रुपये लेकर एक किराए के फ्लैट में बुलाया गया जहां दोनों आरोपियों ने एक अनुष्ठान के तहत उससे प्रार्थना करवाई और इस दौरान वे पैसे लेकर फरार हो गए।

मुंबई पुलिस ने चोरी और गुम हुआ 1.54 करोड़ का सामान मालिकों को लौटाया

महानगर के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में मुंबई पुलिस के जोन 8 ने 1.54 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चोरी और गुम हुई वस्तुएं उनके 227 असली मालिकों को लौटाईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने बताया कि ये वस्तुएं बीकेसी, खेरवाड़ी, निर्मल नगर, वकोला, विले पार्ले, सहार और हवाई अड्डा पुलिस थानों द्वारा लौटाई गईं, जो जोन आठ का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि इन वस्तुओं में मोबाइल फोन, आभूषण, वाहन, लैपटॉप और नकदी शामिल हैं, जो सभी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पिछले कुछ महीनों में बरामद की गई थीं।

सेवानिवृत्ति के बाद कोई सरकारी पद स्वीकार नहीं करूंगा : CJI बीआर गवई

भारत के प्रधान न्यायाधीश बी आर गवई आज अपने अपने पैतृक जिले अमरावती के दौरे पर हैं। उन्होंने अपने पैतृक गांव में आयोजित कार्यक्रम में ऐलान किया कि वे सेवानिवृत्ति के बाद कोई सरकारी पद स्वीकार नहीं करेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें

भिवंडी में ट्रक की चपेट में आई महिला और बच्चे की मौत

ठाणे जिले में एक अस्पताल के बाहर ट्रक की चपेट में आने से एक महिला और 4 साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा गुरुवार को भिवंडी शहर में इंदिरा गांधी मेमोरियल (आईजीएम) अस्पताल के मुख्य द्वार के पास हुआ। निजामपुरा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि शांतिनगर क्षेत्र निवासी पीड़िता सोनी बानो अस्पताल में अपने भाई का ईलाज कराने आई थी। 4 वर्षीय बच्चे के साथ सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि लड़के को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई में कॉलेज के बाहर बेहोश होकर गिरी छात्रा की मौत

मुंबई के एक कॉलेज के बाहर बीस वर्षीय एक छात्रा की बेहोश होकर गिर जाने के बाद मौत हो गई। समता नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बीएससी आईटी द्वितीय वर्ष की छात्रा हर्षिता पाल सुबह कांदिवली पूर्व स्थित निर्मला कॉलेज के बाहर गिर पड़ी। उन्होंने बताया कि उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हर्षिता पाल ब्लड प्रेशर संबंधी समस्याओं से पीड़ित थीं और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ महसूस कर रही थीं। उन्होंने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परली हत्या मामले में गिरफ्तारी की मांग में ग्रामीणों ने किया ‘रास्ता रोको' आंदोलन

महाराष्ट्र के बीड़ जिले में शुक्रवार को ग्रामीणों ने परली निवासी व्यवसायी महादेव मुंडे की 2023 में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तारी की मांग करते हुए यहां एक राजमार्ग पर ‘रास्ता रोको' आंदोलन किया। एक अधिकारी ने बताया कि परली तहसील के भोपला और कन्हेरवाड़ी गांवों के निवासियों ने सुबह लगभग एक घंटे तक परली-अंबाजोगाई राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। महादेव मुंडे का 21 अक्टूबर 2023 को बीड़ जिले के परली शहर में अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई थी। बीड़ पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है।

ठाणे की एक कोर्ट ने 25 साल पुराने हत्या के मामले में आरोपी को बरी किया

महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत ने 46 वर्षीय एक व्यक्ति को सबूतों के अभाव और गवाहों की अविश्वसनीय गवाही का हवाला देते हुए बरी कर दिया। उस पर 25 साल पहले एक महिला की हत्या करने का आरोप था। सत्र न्यायाधीश एस बी अग्रवाल ने शंभूभाई मनुभाई रावल को भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 452 और 120 बी के तहत आरोपों से बरी कर दिया। सत्र अदालत ने इससे पहले पीड़िता कुंदा रावल के पति कुंदन रावल को हत्या के आरोप से बरी कर दिया था। वर्ष 2020 में, रावल के सहयोगी शंभूभाई को गिरफ्तार किया गया था और नये सिरे से मुकदमा शुरू किया गया था।

धुले-सोलापुर हाईवे पर करोड़ों के ड्रग्स बरामद

जलगांव पुलिस ने एक बड़े नशा-विरोधी अभियान में धुले-सोलापुर हाईवे पर एक संदिग्ध वाहन से ₹64.98 करोड़ मूल्य की 43 किलोग्राम एम्फेटामाइन ज़ब्त की। चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया गया है। डीएसपी महेश्वर रेड्डी ने घटना के बारे में और जानकारी दी।

ठाणे के उद्यमी से मशीन दिलाने के नाम पर 1.5 करोड़ रुपये की ठगी

ठाणे जिले में एक पावरलूम के मालिक ने तीन लोगों पर उनकी इकाई के लिए नयी मशीन दिलाने के नाम पर 1.5 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने भिवंडी क्षेत्र के शांतिनगर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में कहा कि उसने जनवरी 2024 में अपने वस्त्र उद्योग के लिए उपकरण खरीदने हेतु तीनों आरोपियों को यह रकम सौंपी थी। बुधवार को दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि कई बार संपर्क करने के बावजूद आरोपियों ने न तो मशीन की आपूर्ति की और न ही 1.5 करोड़ रुपये लौटाए। व्यवसायी ने यह भी आरोप लगाया कि तीनों आरोपियों ने उसे धमकियां दी हैं। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी, धमकी और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

भारी बारिश से भिवंडी में बाढ़ जैसे हालात - VIDEO

महाराष्ट्र के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में सुबह से लगातार भारी बारिश से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो चुकी है। भिवंडी में बाढ़ जैसे हालत बन गए है। देखें वीडियो।

तेजस्वी यादव को संजय राउत का समर्थन

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के 'चुनाव बहिष्कार' वाले बयान पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, "जिस तरह ये लोग चुनाव के दौरान नई-नई रणनीति बनाकर घोटाले करते हैं, किसी न किसी को तो आम चुनाव का बहिष्कार जैसा कदम उठाना ही होगा। यह एक अच्छा विचार है और इसे पूरे देश में फैलाना चाहिए। तभी चुनाव आयोग की चल रही घोटाला-आधारित नीतियों पर रोक लगेगी।"

मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई ने अमरावती का किया दौरा

अमरावती में मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई ने तारापुर का दौरा किया, जहां उन्होंने केरल के पूर्व राज्यपाल आर.एस. गवई के नाम पर बनने वाले प्रवेश द्वार की आधारशिला रखी।

मुंबई के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित - VIDEO

मुंबई में सुबह से भारी बारिश हो रही है, जिससे दहिसर, बोरीवली, कांदिवली, मलाड, गोरेगांव, जोगेश्वरी और अंधेरी जैसे इलाकों में दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जलभराव के कारण, बीएमसी ने अंधेरी मेट्रो में कारों और मोटरसाइकिलों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

कल्याण रिसेप्शनिस्ट से मारपीट के आरोपी गोकुल झा ने पत्रकारों को धमकाया

कल्याण में रिसेप्शनिस्ट से मारपीट मामले के आरोपी गोकुल झा ने पत्रकारों को धमकी देते हुए कहा, "मैं तुम्हें फिर मिलूंगा।" उनका पुलिस के साथ भी विवाद चल रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने कल्याण न्यायालय में अराजकता फैलाने की भी कोशिश की।

अनिल अंबानी के कार्यालय पर छापेमारी जारी

मुंबई में उद्योगपति अनिल अंबानी के कार्यालय पर पिछले 24 घंटों से छापेमारी चल रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सात अधिकारी वर्तमान में परिसर के अंदर हैं और चल रही जांच के तहत तलाशी अभियान चला रहे हैं।

भरमरागढ़ और गड़चिरोली जिला मुख्यालय का टूटा संपर्क

महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण परलकोटा नदी उफान पर है, जिससे भरमरागढ़ तहसील का गड़चिरोली जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।

मुंबई पुलिस ने बारिश से बचने सावधानी बरतनें की दी सलाह

मुंबई और आसपास के ज़िलों में भारी बारिश के कारण, निवासियों को सलाह दी जाती है कि जब तक बहुत ज़रूरी न हो, घर के अंदर ही रहें, तटीय इलाकों से बचें और सावधानी से गाड़ी चलाएं। हमारे अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं और मुंबईवासियों की सहायता के लिए तैयार हैं। मुंबई पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति में, 100/112/103 डायल करने की अपील की।

आरपीएफ ने 5 नाबालिग लड़कियों का किया रेस्क्यू

नागपुर में ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत नियमित गश्त के दौरान एसआईपीएफ वीपी सिंह एवं उनकी टीम ने नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 8 पर उर्स मेले के श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए टेंट के पास 5 नाबालिग लड़कियों को संदिग्ध अवस्था में देखा। मौके पर तुरंत महिला प्रधान आरक्षी मंजू शर्मा को बुलाया गया। पूछताछ के दौरान लड़कियां संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकीं जिसके बाद उन्हें आगे की जांच हेतु आरपीएफ पोस्ट नागपुर लाया गया। बाल कल्याण संस्था चाइल्डलाइन की प्रतिनिधि एवं उपनिरीक्षक झूमा इंगले की उपस्थिति में लड़कियों की काउंसलिंग की गई। बातचीत में पता चला कि वे अपने परिजनों को बताए बिना दूसरे शहर से नागपुर आई थीं।

भारी बारिश के कारण अंधेरी ईस्ट का अंडरपास बंद

महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में भारी बारिश के कारण जलभराव के कारण अंडरपास बंद। अंधेरी ईस्ट से दृश्य।

जन्म प्रमाण पत्र घोटाले पर बोले किरीट सोमैया

जन्म प्रमाण पत्र घोटाले पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा, "पिछले दो महीनों में महाराष्ट्र सरकार ने 42,191 जन्म प्रमाण पत्र रद्द कर दिए हैं जो बांग्लादेश से आए अयोग्य व्यक्तियों को गलत तरीके से जारी किए गए थे। अकेले अकोला शहर में ऐसे 3,948 प्रमाण पत्र जारी किए गए और अमरावती में यह संख्या 2,823 थी। महाराष्ट्र में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है।"

अमृता फडणवीस के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट

पुणे की एक अदालत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट के संबंध में दो व्यक्तियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। हालांकि, अदालत ने इस मामले में चार अन्य लोगों को जमानत दे दी। अधिवक्ता बसवराज यादवाड की शिकायत पर अप्रैल में पुणे साइबर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया था। निखिल संकपाल, दत्ता चौधरी, बलिराम पंडित, आशीष वानखेड़े, शैलेश वर्मा, भूमिश सावे और अभिजीत फडनीस नामक सात लोगों को मामले में नामजद किया गया और सभी को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया। केवल संकपाल ने नोटिस का जवाब दिया, जबकि चौधरी, पंडित, वानखेड़े और वर्मा को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। सावे और फडनीस फरार रहे।

सर्पमित्रों को दिया जाएगा आधिकारिक पहचान पत्र: बावनकुले

महाराष्ट्र सरकार सांपों को बचाने वाले व्यक्तियों की सेवाओं को मान्यता देने के लिए उन्हें पहचान पत्र और 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा प्रदान करने की योजना बना रही है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद बताया कि बचावकर्मियों को यह लाभ देने की औपचारिक सिफारिश जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भेजी जाएगी।

मुंबई और पुणे में बढ़ सकते है ola-uber के दाम

ड्राइवर यूनियन के विरोध के बाद ओला और उबर के साथ ताजा बातचीत में महाराष्ट्र सरकार ने ऐप आधारित कैब के लिए प्रति किलोमीटर आधार किराये में भारी बढ़ोतरी की सिफारिश की है। यदि इसे लागू किया गया तो आधार किराया 50 प्रतिशत बढ़ जाएगा - मुंबई में यह 16 रुपये प्रति किमी से बढ़कर 24 रुपये प्रति किमी हो जाएगा, तथा पुणे में यह 12 रुपये प्रति किमी से बढ़कर 18 रुपये प्रति किमी हो जाएगा।

नागपुर में 2 दिन तक ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 25 और 26 जुलाई के लिए नागपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं 27 जुलाई के लिए येलो अलर्ट के संकेत मिले हैं। इसके पश्चात 28 जुलाई से बदराया मौसम रहेगा।

शरद पवार अगले सप्ताह करेंगे नितिन गडकरी का सम्मान

एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को सार्वजनिक सेवा में उनके योगदान के लिए अगले सप्ताह चिंतामणराव देशमुख राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। पुणे स्थित गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) सरहद द्वारा आयोजित यह पुरस्कार 29 जुलाई को यहां न्यू महाराष्ट्र सदन में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जाएगा। एनजीओ ने यहां जारी एक बयान में कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार गडकरी को यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। महाराष्ट्र निवासी देशमुख 1943 में भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर नियुक्त होने वाले पहले भारतीय थे और उन्होंने 1950 से 1956 तक वित्त मंत्री के रूप में भी कार्य किया। पहला चिंतामणराव देशमुख राष्ट्रीय पुरस्कार पूर्व राजनयिक धनंजय मुले को प्रदान किया गया।

मनसे कार्यकर्ताओं होटलों के बाहर गुजराती में लिखे साइनबोर्ड हटाए

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने मराठी साइनबोर्ड के इस्तेमाल की मांग को लेकर ठाणे और पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर स्थित कई होटलों के बाहर गुजराती में लिखे साइनबोर्ड जबरन हटा दिए।महाराष्ट्र का पालघर जिला गुजरात की सीमा से लगा हुआ है। यह प्रदर्शन राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में हिंदी को अनिवार्य किए जाने को लेकर उठे विवाद के तुरंत बाद शुरू हुआ। सूत्रों ने बताया कि मनसे समर्थकों ने हलोली गांव के पास एक होटल के बाहर गुजराती में लिखा साइनबोर्ड तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि कई होटलों ने गुजराती में लिखे अपने बोर्ड काले कपड़े से ढक दिए हैं।

सेवा संकल्प यात्रियों से PM मोदी का संवाद, कहा- सरकारी योजना का उद्देश्य सिर्फ पैसा खर्च करना नहीं, जीवन बदलना

Weather Alert: कई राज्यों में झमाझम बारिश और तेज हवाएं, UP-बिहार से पहाड़ी राज्यों तक जानें कैसा रहेगा मौसम

जंतर-मंतर AI विवाद: महिला की तस्वीर का फेस-स्वैप कर लगाए बैनर, FIR में अभिजीत दीपके समेत चार के नाम

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, आज देशभर में विरोध मार्च; वेणुगोपाल ने इस्तीफे की मांग की

12 Years of Make in India: 2.40 लाख करोड़ का निवेश, 33 गुना बढ़ा मोबाइल प्रोडक्शन, जानें देश को कितना फायदा