NCP SP Leader Rohini Khadse Snake Video: आमतौर पर सांप का नाम सुनते ही लोगों के पसीने छूट जाते हैं, लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रोहिणी खडसे के एक साहसिक कदम ने सभी को हैरान कर दिया है।
रोहिणी खडसे ने अपने मुक्ताईनगर स्थित फार्महाउस पर निकले लगभग 10 फीट लंबे धामण (रैट स्नेक) सांप को बिना डरे बेहद कुशलता और सुरक्षा के साथ हाथों से पकड़ा। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वे लोगों को सांपों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश देती नजर आ रही हैं।
केले के खेत में मिला था 10 फीट लंबा सांप
घटना मुक्ताईनगर स्थित उनके फार्म हाउस की है। केले के खेत में जब एक विशालकाय सांप दिखाई दिया, तो वहां मौजूद लोग घबरा गए। आमतौर पर लोग डर के मारे सांप को मार देते हैं, लेकिन एलएलबी व एलएलएम शिक्षित एडवोकेट रोहिणी खडसे ने खुद आगे बढ़कर स्थिति संभाली। उन्होंने बिना किसी भय के 10 फीट लंबे सांप को हाथों में उठाया और सुरक्षित तरीके से उसे काबू में कर लिया। उनके इस निडर अंदाज और साहस की सोशल मीडिया यूज़र्स जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वीडियो संदेश: सांप किसानों का मित्र, अफवाहों में न मारें
हाथ में सांप थामकर बनाए गए वीडियो में रोहिणी खडसे ने सांपों को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि यह गैर-जहरीला धामण प्रजाति का सांप है, जिसे लोग अक्सर गलती से 'नाग' समझकर मार डालते हैं।
रोहिणी ने कहा कि सांप खेतों में चूहों और घूसों का शिकार कर प्राकृतिक संतुलन बनाए रखते हैं और किसानों के सच्चे मित्र होते हैं। उन्होंने अपील की कि सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाएं और तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्रों को बुलाकर उसे जंगलों में छुड़वाएं।
रोहिणी खडसे महाराष्ट्र राजनीति के दिग्गज नेता एकनाथ खडसे की बेटी हैं और वर्तमान में शरद पवार गुट की एनसीपी महिला मोर्चा की कमान संभाल रही हैं। वे केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे की ननद भी हैं। अपने फायरब्रांड तेवर और स्पष्टवादी राजनीति के लिए जानी जाने वाली रोहिणी खडसे मुक्ताईनगर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं। उनके इस अनोखे सर्प संरक्षण संदेश की राज्य भर में सराहना हो रही है।