Gondia Farmers Problem: गोंदिया जिले के सालेकसा तहसील के पिपरिया ग्राम पंचायत क्षेत्र में मातोश्री पगडंडी सड़क योजना के अंतर्गत मई से जून माह के दौरान किए गए सातों सड़क कार्य अधूरे पड़े होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेतों तक पहुंचने वाली सड़कों की स्थिति खराब होने के कारण किसानों को अपने खेतों की मेड़ तक आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में खेतों में लगी धान की फसल कटाई के लिए तैयार हो चुकी है। ऐसे समय में किसानों के लिए खेतों तक आसानी से पहुंचना बेहद आवश्यक है। लेकिन अधूरे पड़े पगडंडी मार्गों के कारण दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इससे धान की कटाई के साथ ही कृषि उपज को खेतों से बाहर लाने में भी किसानों को परेशानी होने की आशंका है।
इसी मांग को 1 लेकर पिपरिया के सरपंच गुणाराम मेहर ने सालेकसा तहसीलदार के माध्यम से न जिलाधीश, गोंदिया के नाम मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र की प्रतिलिपि उपविभागीय अभियंता, सार्वजनिक बांधकाम विभाग को भी भेजी गई है। सरपंच मेहर ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों की वर्तमान आवश्यकता और धान कटाई के मौसम को देखते हुए मातोश्री पगडंडी सड़क के सभी अधूरे कार्यों को तत्काल पूर्ण कराया जाए, ताकि किसानों को खेतों तक आने-जाने में सुविधा मिल सके और कृषि उपज के परिवहन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अब इस मांग पत्र पर जिलाधीश व संबंधित विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और अधूरे सड़क कार्य कब तक पूर्ण होते हैं।
पिपरिया ग्राम पंचायत क्षेत्र में मातोश्री पगडंडी सड़क योजना के तहत मई से जून के बीच कुल सात कार्य शुरू किए गए थे। हालांकि, निर्धारित कार्य पूर्ण नहीं होने से सड़क निर्माण का अपेक्षित लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है।
बारिश के कारण मार्गों की स्थिति और अधिक खराब होने से आवागमन की समस्या गंभीर हो गई है। स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जा रहा है कि संबंधित कार्यों के ठेकेदार मराठवाड़ा क्षेत्र से होने के कारण उनसे संपर्क स्थापित करने में कठिनाई हो रही है। ऐसे में अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।