गोंदिया आयुष्मान भारत योजना (सोर्सः सोशल मीडिया)
गोंदिया

आयुष्मान भारत योजना से गोंदिया के 7.51 लाख लोगों को मुफ्त इलाज, 4.20 लाख अभी वंचित

Ayushman Card Gondia: गोंदिया जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 7 लाख 51 हजार 370 नागरिकों को मुफ्त कैशलेस उपचार मिल रहा है। 4 लाख 19 हजार 938 पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनना बाकी है।

आंचल लोखंडे

Gondia Ayushman Bharat Scheme: गोंदिया जिले में आयुष्मान भारत योजना सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों के लिए स्वास्थ्य कवच बनी है। योजना के तहत जिले में 7 लाख 51 हजार 370 नागरिकों को मुफ्त और कैशलेस उपचार का लाभ मिल रहा है। पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रु. तक के द्वितीयक और तृतीयक स्तर के उपचार की सुविधा दी जाती है।

जिले के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में लाभार्थियों को बिना कोई राशि खर्च किए कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना में कैंसर, हृदय रोग, बड़ी सर्जरी समेत 1,300 से अधिक उपचारों को शामिल किया गया है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत जिले में 26 सूचीबद्ध अस्पताल हैं।

12 सरकारी और 14 निजी अस्पताल शामिल

इनमें 12 सरकारी और 14 निजी अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा 45 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी दोनों योजनाओं को एकीकृत कर नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र सरकार के निर्णय के अनुसार 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, आय की कोई सीमा रखे बिना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से अलग 5 लाख रु. का स्वास्थ्य कवच दिया जा रहा है। इसमें गंभीर बीमारियों और विभिन्न उपचारों का खर्च शामिल है।

4.20 लाख से अधिक नागरिक कार्ड से वंचित

जिले में योजना के लिए कुल 12 लाख 71 हजार 308 लाभार्थी दर्ज हैं। इनमें से 7 लाख 51 हजार 370 नागरिकों ने आयुष्मान कार्ड बनवाया है। यानी शेष 4 लाख 19 हजार 938 पात्र नागरिकों को अभी कार्ड बनवाना बाकी है। स्वास्थ्य विभाग ने पात्र नागरिकों से जल्द कार्ड बनवाने की अपील की है।

जरूरतमंद लोगों के लिए योजना लाभदायक

लाभार्थी श्याम राऊत ने कहा कि मुझे गंभीर बीमारी हुई थी। इस योजना के माध्यम से मेरा मुफ्त उपचार हुआ। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए यह योजना बेहद लाभदायक है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को इसका कार्ड बनवाना चाहिए।

स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कवच

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभिजित गोल्हार ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना जिले के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कवच है। जिन नागरिकों ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे आंगनवाड़ी सेविका अथवा आशा कार्यकर्ता के माध्यम से कार्ड बनवा लें। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना की सुविधा भी शुरू की गई है।

पश्चिम रेलवे चलाएगी दो और स्पेशल ट्रेन, बांद्रा-खातीपुरा और उधना-बरौनी ट्रेन का शेड्यूल जारी; जानें किराया

फर्जी एनकाउंटर डर: तिहाड़ से शामली ले जाए जाने पर दो गैंगस्टरों ने मांगी हथकड़ी-बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट

लद्दाख में वायुसेना ने रचा इतिहास: 13,629 फीट की ऊंचाई पर उतरा गजराज; चीन सीमा पर बढ़ी भारत की क्षमता

2004 में सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री पद, क्या राहुल और प्रियंका असली वजह; जानें अंदर की बात

अभिषेक बनर्जी के घर पर झड़प मामले में ममता ने दी सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी, BJP पर साजिश का लगाया आरोप