Youth Killed While Sleeping In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले के अहेरी तहसील में 19 जून की आधी रात को हुई एक सनसनीखेज हत्या की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घर में खटिया पर सो रहे एक युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में मरपल्ली पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया है। मृतक का नाम तेलंगाना राज्य के कोमराम भीम जिले के दायगाम तहसील के करजी गांव निवासी महेश सत्यण्णा ओडिला (28), है।
वहीं आरोपी का नाम अहेरी तहसील के करंचा निवासी लक्ष्मण सोमा आलाम (55) है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेश ओडिला तथा उसका मित्र राजेश लचण्णा चापिला 18 जून को तेलंगाना से तेरहवी कार्यक्रम हेतु येनकांबडा गांव आए थे। इस उक्त कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे रात के दौरान करंचा गांव में अपने परिचित व्यक्ति लक्ष्मण आलाम के घर निवास करने ठहरे थे। भोजन के पश्चात तीनों घर के आंगन में अलग-अलग खाटों पर सो रहे थे।
इस दौरान 19 जून को देररात करीब 1 बजे के दौरान आरोपी लक्ष्मण आलाम ने गहरी नींद में सो रहे महेश के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण महेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना का एक चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि आरोपी लक्ष्मण आलाम का केवल एक हाथ है। इसके बावजूद उसने सोते हुए युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक महेश ओडिला तथा आरोपी लक्ष्मण आलाम के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। साथ ही, महेश के बारे में यह भी चर्चा है कि वह इस क्षेत्र से तेलंगाना तक सागौन लकड़ी की अवैध ढुलाई से जुड़ा हुआ था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मामले की आगे की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी राहुल मडावी के मार्गदर्शन में मरपल्ली के प्रभारी अधिकारी आकाश शिंदे द्वारा की जा रही है।
घटना के बाद महेश के साथ मौजूद राजेश चापिला ने तेलंगाना राज्य के विकाराबाद जिले के मरपल्ली पुलिस थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक टीम तथा जिमलगट्टा उपविभाग के उपविभागीय पुलिस अधिकारी राहुल मडावी ने किया हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।