Wagholi Farm Murder Case: चामोर्शी-मूल मार्ग पर स्थित वाघोली गांव का खेत परिसर। सोमवार रात का वक्त करीब 10:30 बजे। आमतौर पर इस समय सुनसान रहने वाले इलाके में अचानक हत्या की खबर ने पूरे परिसर को हिला दिया। खेत में एक युवक का शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची चामोर्शी पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पहचान करने की कवायद शुरू की।
जांच में मृतक की पहचान नंदकिशोर मोतीलाल मिश्रा उर्फ बंटी (34) के रूप में हुई। वह चंद्रपुर जिले के मूल का निवासी बताया गया है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का सिलसिला तेज कर दिया।
मामले की जांच आगे बढ़ी तो हत्या के पीछे की कहानी भी धीरे-धीरे सामने आने लगी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों नाबालिग कथित तौर पर गांजा लेने के लिए नंदकिशोर मिश्रा के पास वाघोली के खेत परिसर में पहुंचे थे। इसी दौरान गांजा को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों नाबालिगों ने नंदकिशोर पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई।
हत्या की सूचना मिलते ही चामोर्शी गडचिरोली पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों, घटनास्थल और विवाद की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को कथित तौर पर हत्या में दो नाबालिगों की संलिप्तता के बारे में जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया। हत्या में इस्तेमाल किए गए कथित औजार को भी कब्जे में लिए जाने की जानकारी है।
यह कार्रवाई गडचिरोली जिला पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज जी. और सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के मार्गदर्शन में की गई। थानेदार महादेव ढाकणे, सुमेध बनसोडे समेत चामोर्शी पुलिस की टीम ने मामले की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।