Highlights:
गड़चिरोली जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल चार लोगों की मौत हुई।
चामोर्शी मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई।
हादसे में राजू येलमुले और शाम विश्वास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप येलमुले गंभीर घायल हुए।
Four Dead In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले के आष्टी में चामोर्शी मार्ग पर स्थित एचपी पेट्रोलपंप के सामने मंगलवार को दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में अनखोडा गांव निवासी राजु येलमुले और शाम बिश्वास का समावेश है।
वहीं इस दुर्घटना में मृतक राजु येलमुले का बेटा संदिप राजु येलमुले गंभीर रूप से घायल हो गया है। राजू येलमुले अपने बेटे संदीप राजू येलमुले के साथ अनखोडा गांव से आष्टी की ओर बाइक से आ रहे थे। वहीं श्याम विश्वास आष्टी से अपने गांव की ओर जा रहे थे।
इसी बीच चामोर्शी मार्ग पर स्थित एचपी पेट्रोलपंप के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि, हादसे में राजू येलमुले और श्याम विश्वास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं संदीप राजू येलमुले गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आष्टी पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक महेंद्र वाघ पुलिसकर्मियों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय नागरिकों ने भी मदद के लिए तत्परता दिखाई और घायल संदीप को लॉयड मेटल की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उसे चंद्रपुर के जिला अस्पताल में रेफर किए जाने की जानकारी है। फिलहाल यह हादसा किस कारण हुआ, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की अधिक जांच आष्टी पुलिस कर रही है।
एक ही हादसे में परिवार के एक सदस्य की मौत और दुसरे की जिंदगी के लिए जारी संघर्ष से अनखोडा गांव में मातम पसरा हुआ है। कुछ ही पलों में खुशियों भरा सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। इस दुर्घटना से येलमुले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक और संवेदना का माहौल है।
डोंगरसावंगी जा रहे तीन लोगों की दोपहिया को तेज रफ्तार सफेद रंग के चारपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना 7 नवंबर की शाम करीब 7 बजे गडचिरोली-आरमोरी मार्ग पर कठाणी नदी पुल के पास हुई। मृतकों में आरमोरी तहसील के डोंगरसावंगी निवासी मनोज शामराव सोनटक्के (32) और मानिक मुरलीधर कांबले (40) के रूप का समावेश है। वहीं कृष्णा अरुण घुटके (27) घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, काम समाप्त करने के बाद तीनों दोपहिया वाहन से गडचिरोली से अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान कठाणी नदी पुल के पास अज्ञात सफेद रंग के तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि, तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चारपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घायल कृष्णा घुटके की शिकायत पर गडचिरोली पुलिस थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।